संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। सोमवार देर शाम एक युवक ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या की ली। घटना हमीदा के पास रेलवे ट्रैक पर हुई, जहां युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही जीआरपी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
जीआरपी के जांच अधिकारी बोधराज ने बताया कि बताया कि मृतक की पहचान सहारनपुर के गागलहेड़ी निवासी 20 वर्षीय लक्ष्य यादव पुत्र मुकेश कुमार के रूप में हुई है। उसकी जेब से मिले आधार कार्ड और मोबाइल फोन के आधार पर पहचान की गई। बाद में परिजनों को सूचना दी गई, जिन्होंने फोटो देखकर युवक की शिनाख्त की।
सोमवार शाम करीब सात बजे स्टेशन मास्टर से सूचना मिली थी। लोको पायलट के मुताबिक युवक ट्रैक के पास खड़ा था और ट्रेन के नजदीक आते ही अचानक पटरी पर आ गया। चालक द्वारा हॉर्न बजाने के बावजूद वह नहीं हटा। पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल यमुनानगर की शव गृह में रखवा दिया है। मंगलवार को परिजनों के पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। युवक यहां कैसे पहुंचा और आत्महत्या के पीछे क्या कारण रहे, इसका खुलासा परिजनों से पूछताछ के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।