यमुनानगर। कैथल निवासी एक व्यक्ति ने रेलवे में नौकरी लगवाने के नाम पर गांव दरियापुर निवासी सिमरदीप सिंह से नौ लाख रुपये ठग लिए गए। पुलिस ने उसके पिता भगवंत सिंह की शिकायत पर कैथल के शक्ति नगर निवासी अनिल शर्मा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
गांव दरियापुर निवासी सेवानिवृत्त फौजी भगवंत सिंह ने बिलासपुर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कैथल के जगीर रिवाड गांव निवासी स्वर्ण सिंह उसका साढू लगता है। उसके साढू का अनिल शर्मा के साथ मेल जोल था। आरोपी अनिल डीसी कार्यालय करनाल में नौकरी कर रहा है। एक दिन आरोपी अनिल ने कहा कि उसकी रेलवे में अच्छी जान पहचान है। वह स्टेशन मास्टर के पद पर किसी युवा को लगवा देगा। उसकी बातों में आकर भगवंत सिंह ने अपने बेटे सिमरदीप सिंह के बारे में बात की जो फिलहाल मुकंद लाल में असिस्टेंट प्रोफेसर की नौकरी कर रहा है। इसके लिए नौ लाख रुपये की मांग की गई। आरोपी की बातों में आकर वह रुपये देने को तैयार हो गए। उसे अलग-अलग कर नौ लाख रुपये दे दिए। काफी समय बीतने के बाद भी जब उसकी नौकरी नहीं लगी तो आरोपी से रुपये मांगे लेकिन वह टाल मटोल करने लगा। बाद में आरोपी ने रुपये देने से इनकार कर दिया। उसने इसकी शिकायत पुलिस को दी। बिलासपुर थाना पुलिस ने आरोपी अनिल शर्मा के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।