छछरौली। जटेहड़ी गांव निवासी संदीप कुमार को विदेश भेजने के नाम पर साढ़े तीन लाख रुपये ठग लिए गए। आरोप पंजाब के जिला होशियारपुर के गांव पौसी निवासी विजय कुमार पर लगा है। छछरौली थाना पुलिस ने आरोपी पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। संदीप कुमार ने बताया कि पिछले साल वह विदेश जाना चाहता था।
इसके लिए वह पंजाब के जिला होशियारपुर के गांव पौसी निवासी विजय कुमार के संपर्क में आया। जिसने बताया कि वह लोगों को विदेश भेजने का काम करता है। आरोपी ने उसे कोरिया भिजवाने का आश्वासन दिया। इसके लिए आरोपी ने उसे साढ़े तीन लाख रुपये का खर्च बताया।
सब कुछ तय होने पर उसने जानकारों से ब्याज पर रुपये लेकर आरोपी को ऑनलाइन साढ़े तीन लाख रुपये व दस्तावेज दे दिए। काफी समय बीतने के बाद भी आरोपी ने उसे विदेश नहीं भेजा गया। जब आरोपी से रुपये वापस मांगे तो वह धमकी देने लगा। परेशान होकर उसने इसकी शिकायत पुलिस को दी। छछरौली थाना प्रभारी रोहताश सिंह का कहना है कि आरोपी विजय पर केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।