यमुनानगर। शहर की रामपुरा कॉलोनी में एक युवक ने शराब के नशे में एडवोकेट सृष्टि ओबरॉय के घर में घुसकर तोड़फोड़ की। जब एडवोकेट ने उसे रोकने का प्रयास किया तो आरोपी ने उससे मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने शिकायत पर कॉलोनी के वरुण ओबरॉय के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रामपुरा कॉलोनी निवासी सृष्टि ओबराय ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह वकील है। उसके पिता हार्ट व किडनी के मरीज है। दोपहर बाद करीब तीन बजे वह अपने चेंबर में बैठा हुआ था। उसी समय उसकी पत्नी का उसे फोन आया कि वरुण ओबरॉय शराब पीकर उनके घर में घुसकर गाली गलौच कर रहा है। यह सुनकर वह तुरंत घर पहुंचा। उसने देखा कि आरोपी वरुण उनके घर में घुसकर तोड़फोड़ कर रहा था। जब उसने आरोपी को रोकने का प्रयास किया तो उसने उसका गला दबाकर नीचे गिरा दिया। उसकी वर्दी फाड़ दी और उससे मारपीट की। शोर सुनकर जब आसपास के लोग एकत्रित हुए तो आरोपी उसे व उसके परिवार को जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। जांच अधिकारी हुकुम सिंह का कहना है कि एडवोकेट सृष्टि ओबरॉय की शिकायत पर शहर पुलिस ने आरोपी वरुण ओबरॉय पर केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।
बीसीजी टीकाकरण अभियान के दौरान मौजूद स्वास्थ्य अधिकारी व स्टाफ नर्स। संवाद