यमुनानगर। रंजिश के चलते गांव मुंडा माजरा में कुछ लोगों ने घर में घुसकर एक युवक पर डंडों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके चचेरे भाई जगदीप को भी आरोपियों ने पीट दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर एकत्रित हुए तो आरोपी उन्हें जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए। थाना शहर यमुनानगर पुलिस ने प्राथमिकी दर्जकर कर ली है।
मुंडा माजरा निवासी जगदीप ने शिकायत में बताया कि उनके पड़ोस में रहने वाले संजू की उसके ताया के बेटे कुलदीप के साथ रंजिश चल रही है। इसको लेकर पहले भी कई बार दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो चुकी है। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते चार नवंबर को संजू अपने बेटे कुश और सोनू के साथ उनके घर में घुस आया।
तीनों ने कुलदीप पर डंडों से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जगदीप के अनुसार शोर सुनकर वह मौके पर पहुंचा और कुलदीप को बचाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उस पर भी हमला कर दिया। लोगों की भीड़ को देख कर आरोपी वहां से फरार हो गए। परिजनों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि हमलावरों की तलाश की जा रही है।