यमुनानगर। एंटी व्हीकल थेफ्ट सेल की टीम ने चोरी की बाइक उत्तर प्रदेश बेचने जा रहे एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी से चोरी की कुल चार बाइक बरामद की गई। आरोपी को अदालत में पेश किया गया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि चोरी की वारदातों को रोकने के लिए पुलिस प्रयासरत है। देर शाम एंटी व्हीकल थेफ्ट के इंचार्ज सुखविंद्र सिंह की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक चोरी की बाइक बेचने के लिए से कलानौर से होता हुआ सहारनपुर उत्तर प्रदेश की तरफ जाएगा।
सूचना के आधार पर टीम ने तुरंत कलानौर बॉर्डर पर नाकाबंदी कर जांच शुरू कर दी। कुछ देर के बाद एक युवक बाइक पर आता दिखाई दिया। शक के आधार पर आरोपी युवक को रोककर जांच की। जांच के दौरान आरोपी युवक बाइक के कोई दस्तावेज नहीं दिखा पाया। गहनता से पूछताछ करने पर आरोपी ने बताया कि यह बाइक उसने 22 जून को जिंदल पार्क के बाहर से चोरी की थी।
आरोपी की पहचान थाना गांधीनगर की कृष्णा कॉलोनी निवासी हरि शंकर उर्फ विशाल के नाम से हुई है। इंचार्ज सुखविंद्र सिंह ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी के घर से चोरी की तीन और बाइक बरामद हुई है। आरोपी ने एक बाइक सेक्टर 17 थाना क्षेत्र से, दूसरी बाइक शहर जगाधरी थाना क्षेत्र में महाराणा अग्रसेन इंस्टीट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग से 18 अप्रैल को, तीसरी बाइक सिविल अस्पताल यमुनानगर से 12 जून को चोरी की थी। एक अन्य बाइक आरोपी के घर से बरामद हुई है। इसकी जांच की जा रही है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी अकेला ही बाइक चोरी की वारदातों को अंजाम देता था।