मृतक के परिजनों ने किया हंगामा
- फोटो : संवाद
जिले के बाड़ी माजरा क्षेत्र में मिले युवक के शव की पहचान 22 वर्षीय राजीव कुमार के रूप में होने के बाद परिजनों ने पोस्टमार्टम हाउस के बाहर जमकर हंगामा किया। घटना से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है। बताया जा रहा है कि जिस दिन राजीव का जन्मदिन था, उसी दिन उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिससे परिवार सदमे में है।
परिजनों ने आरोप लगाया कि राजीव की हत्या की गई है और इसमें शामिल लोगों को तुरंत गिरफ्तार किया जाए। आक्रोशित परिजनों ने यमुनानगर के पोस्टमार्टम हाउस में हंगामा कर दिया और चेतावनी दी कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी। वे शव का पोस्टमार्टम नहीं होने देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि जरूरत पड़ी तो शव को सड़क के बीच रखकर जाम लगाया जाएगा।
सूचना मिलने पर हुड्डा सेक्टर-17 थाना प्रभारी प्रमोद कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से बातचीत की। थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है तथा अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
पुलिस के आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू करवाई गई। पुलिस का कहना है कि मृतक का पोस्टमार्टम डॉक्टर के पैनल पर किया जाएगा और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।