यमुनानगर। चार जून को मतगणना के बाद लोकसभा के परिणाम आने हैं। जैसे-जैसे यह तारीख नजदीक आ रही है, जनता की उत्सुकता बढ़ती जा रही है। दूसरी ओर प्रशासन ने परिणाम को ऑनलाइन अपडेट करने की व्यवस्था दुरुस्त कर ली है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी कैप्टन मनोज कुमार ने बताया कि परिणामों को देखने के लिए चुनाव आयोग की वेबसाइट रिजल्ट डॉट ईसीआई डॉट इन पर जाना होगा। इसके अतिरिक्त वोटर ट्रैकर एप पर भी यह सुविधा उपलब्ध रहेगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि अंबाला लोकसभा क्षेत्र से 15 प्रत्याशियों ने चुनावी दंगल में भागीदारी की हैं। इनमें नोटा भी शामिल है। उन्होंने बताया कि चार जून को आईटीआई परिसर यमुनानगर में मतगणना का कार्य किया जाएगा। इस दौरान राजनीतिक पार्टियों व प्रत्याशियों के मतगणना एजेंट का मतगणना केंद्र में मोबाइल, पैन, कागज, किसी भी प्रकार की नुकीली चीज, बीड़ी व माचिस आदि ले जाने पर प्रतिबंध रहेगा। मतगणना एजेंटों को मतगणना केंद्र में ही कागज व पेंसिल उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक मतगणना एजेंट के पहचान पत्र पर टेबल नंबर व विधानसभा क्षेत्र जरूर लिखा होना चाहिए तथा कुर्ते व शर्ट पर पार्टी या प्रत्याशी के चुनाव चिन्ह का बैज भी लगा हो, इससे मतगणना एजेंटों की पहचान करने में आसानी रहेगी।