पहाड़ों पर हो रही बारिश से वीरवार को यमुना नदी बाढ़ के स्तर पर पहुंच गई। इससे हथनीकुंड बैराज पर सात घंटे तक बाढ़ की स्थिति बनी रही। सिंचाई विभाग के मुताबिक सुबह छह बजे जलस्तर 81095 क्यूसिक दर्ज किया, जो कि बाढ़ के दायरे में आता है।
इसके बाद प्रत्येक घंटे जलस्तर बढ़ता रहा और सुबह नौ बजे जलस्तर एक लाख तीन हजार 988 क्यूसिक रिकार्ड किया गया। दस बजे भी बैराज में इतना ही पानी रहा।
दोपहर दो बजे जलस्तर बाढ़ के निशान के नीचे आ गया। जितने समय तक यमुना में बाढ़ रही, उस दौरान बैराज से पश्चिमी यमुना नहर और पूर्वी यमुना नहर में पानी की आपूर्ति बंद कर दी गई। बता दें कि इस मानसून में अब तक जलस्तर एक लाख 59 हजार क्यूसिक तक पहुंचा है।