बुधवार की सुबह बुजुर्ग महिला को पुलिस कर्मी बताकर तीन युवकों ने लाखों रुपये के गहने ठग लिए। बदमाशों ने महिला को पहले लूट होने का खतरा बताकर गहने उतरवाकर पॉलीथिन बैग में डलवाया। फिर धोखे से पॉलीथिन बैग बदलकर फरार हो गए। बदमाशों ने वारदात को अंजाम गोबिंदपुरी रोड पर कन्हैया साहिब चौक के नजदीक दिया। इससे पूर्व बदमाशों ने रिक्शा सवार एक बुजुर्ग महिला को भी इसी अंदाज से ठगने का प्रयास किया, लेकिन रिक्शा चालक की समझदारी से आरोपी वारदात को अंजाम देने में सफल नहीं हो पाए। घटना की जानकारी मिलते ही थाना शहर पुलिस, डिटेक्टिव स्टाफ व सीआईए पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने मामले की जांच के बाद तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ धोखाधड़ी व चोरी सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
शहर की कृष्णा कालोनी निवासी सुदेश (65) बुधवार सुबह प्रोफेसर कॉलोनी स्थित कालेज में फिजियोथैरेपी करवाने के लिए आई थी। फिजियोथैरेपी करवाने के बाद वह गोबिंदपुरी रोड पर कन्हैया साहिब चौक की ओर पैदल चल रही थी। आराम करने के लिए वह कन्हैया चौक से पहले सड़क किनारे खड़ी हो गई। इस दौरान बाइक पर सवार होकर तीन युवक आए। सुदेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि तीनों युवकों ने अपने आपको पुलिस कर्मी बताया और उससे कहने लगे कि रात के समय यहां लूट हुई है और वह अपने गहने उतारकर हाथ में पकड़े पॉलीथिन बैग में डाल लें। युवकों को पुलिस कर्मी समझकर वह उनकी बातों में आ गई और गहने उतारने लगी। जब वह हाथ में डाले सोने के कंगन उतारने लगी तो उनमें से एक युवक उसकी सहायता करने लगा। इसके बाद आरोपी उसके गले से सोने की चेन उतरवाने लग गए। बाद में उन्होंने उसके हाथ में डाली डायमंड व सोने की अंगूठी निकाल ली और उसे कागज में लपेट कर उसके हाथ में पकड़ी पॉलीथिन में डाल दिया। महिला ने बताया कि इस दौरान आरोपियों ने धोखे से उसके हाथ से पॉलीथिन बैग बदल लिया। जब वह पॉलीथिन बैग में अपने गहने चेक करने लगी तो तीनों आरोपी वहां से फरार हो गए।
बैग से निकले नकली कंगन और पत्थर
सुदेश ने बताया कि जब उसने पॉलीथिन में अपने गहने चेक करने लगी तो उसमें उसके गहने नहीं निकले। बैग से उसके सोने के दो कंगनों के बदले दो नकली कंगन और डायमंड व सोने की अंगूठी की जगह पत्थर निकले। उसके शोर मचाने पर आसपास लोगों की भीड़ लग गई। लोगों ने बुजुर्ग की मदद के लिए बदमाशों की तलाश करनी शुरू की, लेकिन बदमाश मौके से फरार हो गए।
डिटेक्टिव, सीआईए व थाना शहर पुलिस की टीमें पहुंची
मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना शहर पुलिस, डिटेक्टिव स्टाफ के कार्यवाहक इंचार्ज जयपाल व सीआईए पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बुजुर्ग महिला के बयान लिए और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने गोबिंदपुरी रोड व कन्हैया साहिब चौक के नजदीक नाके लगाकर जांच की। लेकिन आरोपियों का कोई पता नहीं चल पाया। पुलिस ने महिला की शिकायत पर तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी व चोरी सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी।
पुलिस कर्मी बनकर हेराफेरी
महिला सुदेश ने बताया कि जब वह गोबिंद पुरी रोड पर खड़ी थी तो तीनों युवकों ने उसे कहा था कि रात के समय यहां लूट हुई थी। वह पुलिस कर्मी है और गश्त पर लोगों को जागरूक कर रहे है। वह अपने गहने उतार ले। पुलिस कर्मी समझ कर उसने गहने उतारने शुरू कर दिए। उसे क्या पता था कि आरोपी उसके साथ हेराफेरी कर रहे थे।
पहले रिक्शा सवार महिला से किया ठगी का प्रयास
बुजुर्ग महिला से हुई ठगी की घटना के दौरान मौके पर पहुंचे हुडा सेक्टर 18 हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी यासीन ने बताया कि वह मधु होटल की ओर से कन्हैया चौक पर आ रहा था। इस दौरान उसकी रिक्शा में एक महिला सवारी बैठी हुई थी। जब वह डीएवी डेंटल कॉलेज के नजदीक पुलिया के पास पहुंचा तो उसकी तीन युवकों ने उसकी रिक्शा रोक ली और खुद को पुलिस कर्मी बताकर लूट की बात कहकर महिला से गहने उतारने की बात कहने लगे। लेकिन उसे आरोपियों पर शक हुआ और इस बात पर बहस करने लगा। इस दौरान तीनों युवक वहां से खिसक गए। कुछ देर बाद उसे पता चला कि तीन युवकों ने महिला से ठगी की।
सीसीटीवी की फुटेज कर रहे चेक
डिटेक्टिव स्टाफ के कार्यवाहक इंचार्ज जयपाल आर्य ने बताया कि गोबिंदपुरी रोड पर महिला से ठगी की सूचना पर वह मौके पर पहुंचे थे। मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है। घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक कर रहे है। ताकि कोई सुराग मिल सके। अभी तक आरोपियों को कोई सुराग हाथ नहीं लग पाया है।
तीन अज्ञात युवकों पर केस दर्ज, तीन टीमें कर रही जांच
गोबिंदपुरी रोड पर बुजुर्ग महिला से हुई ठगी की सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी। महिला के बयान पर तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ धोखाधड़ी व चोरी सहित विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्जकर लिया गया है। शहर पुलिस के साथ सीआईए व डिटेक्टिव पुलिस भी मामले की जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- इंस्पेक्टर अजीत कुमार, एसएचओ, थाना शहर यमुनानगर।