डीसी ने बैठक में की अधिकारियों से चर्चा
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
ट्विनसिटी (यमुनानगर-जगाधरी) में नगर निगम के अंतर्गत क्षेत्र में पानी निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने की तैयारी है। प्रशासन के स्तर पर इसके लिए करीब 150 करोड़ रुपये से कार्य योजना तैयार की जा रही है। डीसी एवं नगर निगम आयुक्त डॉ. एसएस फूलिया ने नगर निगम व अन्य विभागों के अधिकारियों की बैठक में इस पर चर्चा की। बैठक में दावा किया गया कि योजना लागू होने के बाद शहरी क्षेत्र में बारिश का पानी खड़ा नहीं होगा।
डीसी डॉ. फूलिया ने बताया कि नगर निगम यमुनानगर-जगाधरी की विभिन्न कॉलोनियों की पानी की निकासी के लिए अनुमानित 150 करोड़ रुपये की राशि से योजना तैयार की जा रही है। इसके पूरा होने से किसी भी कालोनी में वर्षा का पानी खड़ा नही होगा। योजना के तहत विभिन्न कॉलोनियों में बड़े स्तर पर सीवरेज व ड्रेनेज की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनस्वास्थ्य एवं जलापूर्ति अभियांत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंताओं को कार्य योजना का सर्वे व एस्टीमेट बनाने हेतु नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
सीवरेज और ड्रेनेज होंगी अलग अलग
बैठक में यमुनानगर विधायक घनश्यामदास अरोड़ा ने कहा कि कार्य योजना के तहत सीवरेज व्यवस्था व ड्रेनेज व्यवस्था को अलग-अलग किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि बरसाती पानी की निकासी के लिए कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी जाएगी और कार्य योजना का एस्टीमेट तैयार को सरकार को शीघ्र ही भेजा जाएगा।
मौके पर भाजपा के जिला अध्यक्ष महेंद्र खदरी, नगर निगम के सीनियर डिप्टी मेयर पवन बिट्टू, डिप्टी मेयर रामपाल, अशोक मेहंदीरत्ता, जगाधरी एसडीएम प्रेमचंद, नगराधीश भारत भूषण कौशिक, बिजली निगम के अधीक्षक अभियंता आरके खन्ना, जनस्वास्थ्य एवं जलापूर्ति अभियांत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंता, डीडीपीओ गगनदीप सिंह, लोक निर्माण विभाग के एसडीओ ऋषि सचदेवा, नगर निगम के कार्यकारी अधिकारी विजयपाल यादव, एमई गोपाल सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।