प्रीति ने रचाई सबसे आकर्षक मेहंदी
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
जीएनजी कॉलेज में हरियाली तीज महोत्सव मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यातिथि महिला एवं बाल विकास विभाग की निदेशिका रेनू फूलिया और कॉलेज प्राचार्या डॉ. वरिंद्र गांधी ने दीप प्रज्वलित करके किया। मेहंदी से सजे हाथों में खनकती चूड़ियां, ढोलक की थाप और रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति ने सभी का मन मोह लिया। लोकरंगों के बीच शुरू हुए हरियाली तीज उत्सव में महिला एवं बाल विकास विभाग के सदस्यों, कॉलेज की प्राध्यापिकाओं व छात्राओं ने झूले का आनंद उठाया। कॉलेज के फाइन आर्ट्स विभाग से कलाकार प्रो. विद्या बाली ने छात्राओं को लाइव पेंटिंग करने की कला सिखाई। कॉलेज प्राचार्या डॉ. वरिंद्र गांधी ने कैनवस पर स्ट्रोक चलाकर इसका उद्घाटन किया। मानव विकास विभाग की ओर से आयोजित मेहंदी प्रतियोगिता में बीए प्रथम वर्ष की प्रीति ने पहला, बीसीए प्रथम वर्ष की नेहा ने दूसरा और आईटी प्रथम वर्ष की अदिति और बीएससी गृह विज्ञान तृतीय वर्ष की दीक्षा को तीसरा स्थान मिला। बीबीए की रितू और बीकॉम की मीनाक्षी को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। डॉ. कुलबीर कौर, डॉ. अनु अतरेजा, डॉ. गुरिंद्रजीत कौर और डॉ. तरनदीप वालिया ने प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल की भूमिका निभाई। मानव विकास विभाग की डॉ. निरूपमा सैनी, डॉ. वंदना इस प्रतियोगिता की संचालिका रही।