राजकीय उच्च स्कूल संधाली में अव्यवस्थाओं के चलते मंगलवार को ग्रामीण भड़क उठे। गुस्साए ग्रामीणों ने गांव संधाली की महिला सरपंच सरला कांबोज और उनके पति सुभाष कांबोज के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने शिक्षा विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की वहीं, ग्रामीणों ने स्कूल गेट पर ताला जड़ विरोध जताया। मौके पर ग्रामीणों से बातचीत करने विभाग का कोई अधिकारी व कर्मचारी देर शाम तक नहीं पहुंचा।
गांव संधाली की महिला सरपंच सरलादेवी, सुभाष कांबोज, पंच धनीराम, निगरानी कमेटी के सदस्य सुखबीर, सतीश, दर्शन सिंह, रणदीप ने बताया कि गांव की पंचायत मंगलवार को सुबह ग्यारह बजे गांव के स्कूल का निरीक्षण करने पहुंची। इस दौरान पंचायत ने स्कूल के मिड-डे मील को जांचा वहीं स्कूल में मुख्याध्यापक द्वारा कराए निर्माण कार्यों के बारे में जानकारी ली और अन्य रिकार्ड दिखाने को कहा। आरोप है कि मुख्याध्यापक ने गांव की पंचायत को कोई रिकार्ड नहीं दिखाया और अभद्र व्यवहार किया। ग्रामीण निरीक्षण के बाद स्कूल से चले गए। लगभग तीन बजे पंचायत को सूचना मिली कि स्कूल के मुख्याध्यापक ने स्कूल के कमरों पर ताले नहीं लगाए हैं और मिड डे मील का राशन का कमरा भी खुला पड़ा है।
इसके बाद गांव की पंचायत शाम के समय स्कूल में गई तो स्कूल के सभी कमरे खुले पड़े मिले। स्कूल में कोई नहीं है। कुत्ते मिड डे मील का राशन खा रहे थे। इसकी सूचना उन्होंने शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों को दी, लेकिन सूचना के बावजूद कोई भी मौके पर नहीं पहुंचा।
उधर, संधाली स्कूल के मुख्याध्यापक राजकुमार ने कहा कि उन पर लगाए गए आरोप बेबुनियाद है। पंचायत की ओर से स्कूल में सफाई कर्मचारी नौरती राम को लगाया गया था। जिसका वेतन भी पंचायत को देना था, लेकिन मंगलवार को पंचायत के सदस्य स्कूल में आए और सफाई कर्मचारी नौरती राम का वेतन स्कूल द्वारा दिए जाने की मांग की। उन्होंने पंचायत को बताया कि सफाई कर्मचारी विभाग की ओर से नहीं लगाया गया है। जिसका वेतन पंचायत को देना होगा। इससे खफा होकर पंचायत के लोगों ने उनके विरुद्ध षड़यंत्र रचा है। हर रोज सफाई कर्मचारी नौरतीराम स्कूल के कमरों को ताला लगाता है। मंगलवार को नौरती राम ने स्कूल के कमरों को ताले नहीं लगाए। इसकी जानकारी उन्हें स्कूल से वापस जाने के बाद मिली।
वर्जन
संधाली स्कूल के मुख्याध्यापक द्वारा कराए गए कार्यों की जांच करने जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुमन आर्य स्कूल में आई थी। जांच के बाद अलाहर स्कूल के प्रिंसीपल को संधाली स्कूल का इंचार्ज नियुक्त किया है। राजकुमार के विरुद्ध मिली शिकायतों की जांच की जा रही है।
धर्मेंद्र सिंह, खंड शिक्षा अधिकारी, रादौर