बारिश के बाद घसियारीपुरा में भरा पानी।
- फोटो : अमर उजाला
खजूरी रोड पर पानी भरा होने से बीमार युवा मजदूर को समय पर अस्पताल नहीं पहुंचाया जा सका। अस्पताल पहुंचा तो, बहुत देर हो चुकी थी। डाक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया।
असम के कोकराझार निवासी बुद्धिनाथ (20) खजूरी रोड पर एक प्लाइवुड फैक्ट्री में काम करता था और यहीं पर कमरे में अपने साथियों के साथ रहता था। चचेरे भाई ओलसन ने बताया कि शनिवार को उसका भाई बुद्धिनाथ खाना खाने के बाद अचानक बीमार हो गया। उसे उल्टियां आने लगी। उन्होंने शादीपुर में एक निजी डॉक्टर से उसकी जांच कराई तो उन्होंने उसे अस्पताल जाने की सलाह दी।
लेकिन बरसात अधिक होने के कारण खजूरी रोड चार फुट तक पानी जमा हो गया। इसके अलावा उनके पास कार या अन्य कोई साधन भी नहीं था। जिसके चलते वे उसे अस्पताल नहीं ले जा पाए। रविवार को उसकी तबीयत और अधिक खराब हो गई। किसी तरह वह उसे शहर के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित किया। बता दें कि खजूरी रोड पर पानी की निकासी न होने से शादीपुर क्षेत्र में करीब डेढ़ किलोमीटर के एरिया में सड़क पर हर समय पानी जमा रहता है।