यमुनानगर में जगाधरी वर्कशाप रोड से खेड़ी रांगड़ान जाने वाली सड़क को ससौली में जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग ने खोद दिया। आरोप है कि जनस्वास्थ्य विभाग की तरफ से सड़क तोड़ने से पहले पीडब्ल्यूडी से अनुमति नहीं ली गई। जिस पर पीडब्ल्यूडी ने पहले जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ रोहित के खिलाफ थाना फर्कपुर में शिकायत दी और बाद में काम रूकवा दिया। इससे गुस्साये लोगों व किसानों ने आज ससौली में जाम लगा दिया।
जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ पर बिना एनओसी लिए सड़क तोड़ने का आरोप
लोगों ने पीडब्ल्यूडी अधिकारियों व प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। जाम लगा रहे लोगों से बातचीत करने के लिए मौके पर तहसीलदार जगाधरी कृष्ण कुमार व थाना फर्कपुर एसएचओ शीलावंती मौके पर पहुंची। तहसीलदार ने पीडब्ल्यूडी व जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को बात करने के लिए मौके पर बुलाया है। फिलहाल मौके पर जाम लगा हुआ है।
यह भी पढ़ें-
फतेहाबाद में महिलाओं का मटका फोड़ प्रदर्शन: पेयजल सप्लाई न होने से गुस्साए ग्रामीण, चंडीगढ़ हाईवे किया जाम
विधायक व मेयर ने किया था शुभारंभ
नगर निगम की तरफ से ससौली में सीवरेज डालने का कार्य किया जा रहा है। विधायक घनश्याम दास अरोड़ा व नगर निगम मेयर मदन चौहान ने चार दिन पहले ही इस कार्य का शुभारंभ किया था। सीवरेज लाइन डालने के लिए यदि किसी सड़क में खोदाई की जानी है तो उसके लिए जनस्वास्थ्य विभाग को संबंधित विभाग से पहले लिखित में एनओसी लेनी होती है। परंतु जनस्वास्थ्य विभाग की तरफ से ऐसा नहीं किया गया।
चार दिन पहले विधायक व मेयर ने किया था सीवरेज डालने के काम का शुभारंभ
ससौली में 18 फीट चौड़ी सड़क का एक हिस्सा जेसीबी से खोद दिया था। पीडब्ल्यूडी के एसडीओ विनोद शर्मा ने थाना फर्कपुर में जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ रोहित के खिलाफ शिकायत दी थी। शिकायत में कहा गया था कि राम नवमी की छुट्टी के दिन जानबूझ कर सड़क को खुदवा दिया। सड़क को इतना गहरा खोदा गया है कि वहां कभी भी हादसा हो सकता है। इसके लिए सुरक्षा का भी ध्यान नहीं रखा गया। यदि वहां पर कोई हादसा हो गया तो उसका जिम्मेदार कौन होगा।
शुक्रवार को रूकवा दिया था काम
मामला थाने में जाने के बाद पीडब्ल्यूडी के एक्सईएन नवीन खत्री व जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के एक्सईएन सुमित गर्ग शुक्रवार को थाने में पहुंचे थे। एक्सईएन नवीन खत्री ने काम को रूकवा दिया था। साथ ही जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने आश्वासन दिया था कि वह सड़क को बनाकर देंगे। वहीं एसडीओ विनोद शर्मा ने जनस्वास्थ्य विभाग के एसडीओ के खिलाफ जो शिकायत दी थी उसे भी वापस ले लिया था।
यह भी पढ़ें-
Sonipat: पहले दर्ज कराया झूठा मुकदमा, अब घर पर फायरिंग कर भागे, बिना नंबर प्लेट की थी कार
लेकिन अब ग्रामीण सड़क पर उतर आए हैं। भारतीय किसान यूनियन के निदेशक मंदीप सिंह रोड छप्पर, संजीव, रामपाल व कृष्ण ने बताया कि सीवरेज का काम अब अधर में लटक गया है। सड़क भी खोद कर छोड़ दी है। इससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है। इसलिए सीवरेज डालने का काम शुरू कराया जाए। जब तक काम शुरू नहीं होगा वह जाम नहीं खोलेंगे।