मुख्यमंत्री ने मेडिकल कॉलेज की नींव से पूर्व भूमि पूजन किया। धरती में फावड़ा मार कर शुभारंभ किया। कॉलेज का नाम गुरु तेग बहादुर साहिब होगा। मुख्यमंत्री मनोहर लाल बोले कि प्रदेश के हर जिले में मेडिकल कॉलेज होगा और दूसरे प्रदेशों को भी हम डॉक्टर देंगे।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने पांजूपुर गांव पहुंचकर यमुनानगर जिले को बड़ी सौगात दी। यहां उन्होंने श्री गुरु तेग बहादुर साहिब राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। लगभग 1200 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस मेडिकल कॉलेज को लगभग 30 माह में पूरा किया जाएगा। इससे पूर्व सीएम ने भूमि पूजन किया और फावड़े से खुदाई कर निर्माण कार्य का शुरू कराया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के प्रदेश के हर जिले में मेडिकल कॉलेज बनाए जाएंगे।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि यह मेडिकल कॉलेज आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा, ऐसे में लोगों को इलाज के लिए चंडीगढ़ की दौड़ लगाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस मेडिकल कॉलेज का उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और हिमाचल को भी फायदा होगा। आने वाले दिनों में हरियाणा एक ऐसा राज्य बन जाएगा जो दूसरे प्रदेशों को भी डॉक्टर देगा।
मनोहर लाल ने कहा कि भारत सरकार ने आयुष्मान योजना लागू की और प्रदेश सरकार ने इसे आगे बढ़ाकर चिरायु योजना को लागू किया है। सरकार ने अभी हाल में ही तीन लाख की आय वाले व्यक्ति को भी 1500 रुपए प्रीमियम देने के बाद योजना का लाभ देने का निर्णय लिया। इस योजना के तहत 15 हजार परिवारों ने अपना पंजीकरण करवाया है और जल्द ही यह संख्या 50 हजार पहुंच जाएगी।
विज्ञापन
इस सरकार के कार्यकाल में मेडिकल सेवाओं में हुई बढ़ोतरी : कंवरपाल
वन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री कंवरपाल ने कहा कि मेडिकल कॉलेज की परियोजना से यमुनानगर के साथ-साथ आस-पास के राज्यों के लोगों को अच्छी स्वास्थ्य सेवाएं मिल पाएंगी। इस सरकार के कार्यकाल में मेडिकल सेवाओं को दोगुना किया गया है और डॉक्टरों की कमी को पूरा करने का काम किया जा रहा है। इस हल्का में भी 12 बेड के दो अस्पतालों को 30-30 बेड का अस्पताल बनाया गया है। इस सरकार के कार्यकाल में पिछली सरकार के कार्यकाल से तीन गुणा से ज्यादा स्वास्थ्य क्षेत्र में विकास कार्य करवाए गए हैं।