डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी रोहतास सिंह खरब ने अपने कार्यालय में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों व विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों की बैठक ली। इसमें डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा मतदाता सूचियों में अधिक से अधिक योग्य मतदाताओं के नाम शामिल कराने व मतदाता सूचियों में अशुद्धियों को दूर करने हेतु विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। आयोग द्वारा नो वोटर टू बी लेफ्ट बिहाईंड के थीम पर कार्य करते हुए अधिक से अधिक 18 से 21 वर्ष के युवाओं के नाम मतदाता सूचियों में शामिल कराए जाएं। आयोग के निर्देशानुसार एक से 31 जुलाई तक की अवधि में बीएलओ द्वारा उनके मतदान केंद्र के क्षेत्र में घर-घर जाकर सर्वें किया जाएगा तथा आवेदकों विशेषकर 18 से 21 वर्ग के युवाओं के नाम मतदाता सूचियों में शामिल कराने के लिए फार्म नंबर-6 भराए जाएंगे। उन्होंने बताया कि विशेष अभियान के तहत नौ जुलाई व 23 जुलाई को जिले के प्रत्येक मतदान केंद्र पर मतदाता सूचियों के संबंध में दावे तथा आपत्तियां बीएलओ द्वारा प्राप्त की जाएगी। उन्होंने बताया कि आवेदक अपना फार्म नंबर-6 भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध मोबाइल एप्प द वोटर सर्विस मोबाइल एप्लीकेशन पर भी भर सकते हैं। मौके पर जगाधरी एसडीएम भारत भूषण कौशिक, बिलासपुर एसडीएम नवीन आहूजा, नगराधीश, जगाधरी तहसीलदार दर्शनकुमार, नायब तहसीलदार चुनाव आंचल गर्ग, जिला शिक्षा अधिकारी आनंद चौधरी, जिला सूचना अधिकारी रमेश गुप्ता, भाजपा के जिला महामंत्री राजेश सपरा सहित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि व अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।