वन विभाग की कलेसर रेंज ने एक स्कार्पियो गाड़ी से लगभग पांच क्विंटल खैर की लकड़ी पकड़ी है। जिसकी कीमत लगभग तीस हजार रुपये आंकी गई है।
वन विभाग कलेसर रेंज के वन राजिक अधिकारी कुलदीप सिंह ने वे बीती रात गश्त पर थे। अराईयांवाला के पास रात दस बजे ताजेवाला की ओर से एक स्कार्पियो गाड़ी आती दिखाई दी। उन्होंने गाड़ी को रूकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने गाड़ी को और तेज गति से भगाना शुरू कर दिया। संदेह होने पर वन विभाग की गाड़ी से उसका पीछा किया गया। वाहन चालक खिल्लांवाला की ओर निकल गया।
खिल्लांवाला के पास वन विभाग टीम ने गाड़ी को पकड़ लिया, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। गाड़ी की तलाशी ली तो खैर की लकड़ी भरी हुई थी। गाड़ी को रात के समय ही कलेसर रेंज में लाया गया, जहां उस पर विभागीय कार्यवाही अमल में लाई गई। वन राजिक अधिकारी ने बताया कि गाड़ी में से लगभग पांच क्विंटल खैर बरामद हुई है। गाड़ी के आगे या पीछे कोई नंबर प्लेट भी नहीं है। गाड़ी के चस्सी नंबर से मालिक का पता लगाकर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। मौके पर रेंजर कुलदीप सिंह, दरोगा नरेश सैनी,वन रक्षक विकास, वन रक्षक परवेज, वन रक्षक मामचंद व पवन कुमार मौजूद रहे।