पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
करंट लगने से दो अलग-अलग जगहों पर ट्रक चालक सहित दो लोगों की मौत हो गई। दोनों मामलों में परिजनों का किसी पर कोई आरोप नहीं है। पुलिस ने दोनों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कार्रवाई के बाद परिजनों के हवाले कर दिया।
उत्तर प्रदेश का जिला आजमगढ़ के गांव छटीआव निवासी सुरेंद्र (25) गांव बल्लेवाला में किसी के पास ट्रक चालक का काम करता था। सोमवार रात को वह मिट्टी लेकर दौलतपुर रोड पर गया था। ट्रक खाली करने के लिए जैसे ही उसने ट्रक को पीछे किया तो ऊपर से गुजर रहे बिजली के तारों से ट्रक टकरा गया, जिसकी वजह से ट्रक में करंट आ गया। इससे ट्रक चालक सुरेंद्र बुरी तरह झुलस गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
गनीमत रही कि ट्रक में कोई और नहीं था। नहीं तो हादसा बड़ा हो सकता था। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया। मंगलवार सुबह पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया।
उधर, रूलाखेड़ी निवासी मुकेश कुमार (23) सोमवार रात के समय घर पर बिजली का तार ठीक कर रहा था। इस दौरान बिजली का तार ठीक करते हुए अचानक उसे करंट लग गया, जिससे वह बुरी झुलस गया। परिजनों ने उसे शहर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया।