यमुनानगर के गांव कामी माजरा के पांच साल के प्रिंस की हत्या उसके चचेरी बहन व जीजा ने ही की थी। घटना के छह माह बाद दोनों हत्यारोपियों को सीआईए वन ने गिरफ्तार कर लिया है। हत्यारोपियों ने तांत्रिक सिद्धि के लिए मासूम प्रिंस की गला दबाकर हत्या कर और शव को खेत में फेंक दिया था
{{#eligible}}
सभी खबरें बिना रुकावट पढ़ने के लिए
अमर उजाला एप डाउनलोड करें
यमुनानगर में तांत्रिक सिद्धि पाने के लिए गांव कामी माजरा के पांच साल के प्रिंस की बलि उसकी चचेरी बहन और जीजा ने दे दी। मासूम का शव 31 जुलाई 2025 को गांव पांसरा में एक खेत से मिला था। घटना के पांच माह बाद दोनों आरोपियों को सीआईए वन ने सोमवार को हमीदा हेड से गिरफ्तार कर लिया है।
विज्ञापन
आरोपियों की पहचान जोगिंद्र नगर निवासी शिव कुमार उर्फ सोनी और उसकी पत्नी भारती के रूप में हुई है। वारदात के बाद से दोनों फरार थे। दोनों ने पुलिस के सामने पूछताछ में तांत्रिक सिद्धि के लिए बलि की बात स्वीकार की है।
उन्होंने बताया कि किसी इकलौते बेटे की बलि देनी थी, इसी कारण उन्होंने जन्मदिन पर प्रिंस को अगवा किया और श्मशान घाट पर ले जाकर उसकी हत्या कर दी। दोनों को 3 दिन के रिमांड पर लिया गया है। प्रिंस के पिता रविंद्र ने बताया कि 30 जुलाई 2025 को उनका बेटा घर से लापता हुआ था।
विज्ञापन
अगले दिन उसका शव घर से दो किलोमीटर दूर गांव पांसरा में ट्यूबवेल के पास नाले में मिला। उसके सिर पर चोट के निशान थे जिस आधार पर उन्होंने हत्या की आशंका जताई। पुलिस इस मामले की तफ्तीश कर रही थी। उसे रिश्तेदारों पर ही शक था।
Trending Videos
इस बीच उसकी चचेरी बहन व खुद को तांत्रिक बताने वाला जीजा गायब हो गए। जांच में इस बात की पुष्टि हुई कि जीजा ने अपनी तांत्रिक शक्तियों को बढ़ाने के लिए प्रिंस की बलि ले ली। इस काम में उसकी पत्नी ने भी उसका साथ दिया।
रोती बिलखती मां बोली - मेरे लाडले की हत्या करने वालों को फांसी हो
यमुनानगर के गांव कामी माजरा के पांच साल के मासूम प्रिंस की हत्या का सच सामने आने के बाद परिवार का दर्द और गहरा हो गया है। बेटे की हत्या के आरोप में चचेरी बहन भारती और उसके पति शिव कुमार की गिरफ्तारी के बाद मां गीता का रो-रोकर बुरा हाल है।
आंखों में आंसू और आवाज में दर्द लिए मां गीता बस यही कह पा रही है कि मेरे लाडले की हत्या करने वालों को फांसी हो। जिन्होंने हमारे घर का चिराग छीना, उनका बेड़ा गर्क हो जाए।
गीता ने कहा कि प्रिंस के जाने के बाद उनके घर की सारी खुशियां जैसे खत्म हो गई हैं। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और उसकी पांच बहनें हैं। बड़ी मन्नतों के बाद उन्हें बेटा मिला था। उसी साल उसका स्कूल में दाखिला भी कराया गया था।
परिवार को क्या पता था कि जिन लोगों को वे अपने ही समझते थे, वही उनके बेटे की मौत की साजिश रच रहे हैं। मां गीता ने बताया कि आरोपी शिव और भारती का उनके घर आना-जाना लगा रहता था। वे अक्सर प्रिंस से प्यार भरी बातें करते थे, उसे दुलारते थे।
गीता ने भर्राई आवाज में कहा किहमें कभी शक तक नहीं हुआ। वे प्रिंस को बड़े प्यार से देखते थे, बातें करते थे। कौन जानता था कि उनके मन में इतनी बड़ी साजिश पल रही है। परिजन अब सिर्फ इंसाफ की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि इस जघन्य अपराध में शामिल सभी दोषियों को सख्त से सख्त सजा मिलनी चाहिए, ताकि कोई और मासूम अंधविश्वास और हैवानियत की भेंट न चढ़े।
अंधविश्वास में डूबे थे हत्यारोपी
हत्यारोपी शिव कुमार पेशे से मजदूर था। उसकी पत्नी भारती गृहिणी है। लेकिन दोनों ही अंधविश्वास में इस कदर डूबे हुए थे कि अपनी तथाकथित शक्तियां बढ़ाने के लिए एक इकलौते बेटे की बलि चाहिए थी। इसी वजह से उसने प्रिंस को निशाना बनाया, क्योंकि वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था।
ऐसा ही नहीं हत्यारोपी शिव व भारती के पास भी एक तीन साल का बेटा और छह साल की बेटी है। उसके बाद दोनों में अंधविश्वास इस कद्र भरा हुआ था कि मासूम प्रिंस की जान ले ली। आरोप है कि शिव ने अपनी पत्नी भारती के साथ मिलकर मासूम को घर से उठाया और उसकी हत्या कर दी।
आरोपियों को अदालत में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही इस जघन्य अपराध में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -रजत गुलिया, डीएसपी यमुनानगर।