यमुनानगर। यमुना नदी के कैचमेंट एरिया उत्तराखंड में हुई मूसलाधार बारिश से हथिनी कुंड बैराज पर अचानक 70257 क्यूसेक पर पहुंचा यमुना नदी का जलस्तर बुधवार सुबह 9 बजे घटकर 38961 क्यूसेक पर पहुंच गया है। बैराज से 30141 क्यूसेक सरप्लस पानी दिल्ली की ओर डायवर्ट किया गया है। यमुना नदी के कैचमेंट एरिया के देहरादून क्षेत्र में हुई भारी बारिश के कारण हथिनी कुंड बैराज पर जलस्तर अचानक बढ़कर 70000 क्यूसेक को पार कर गया।
यमुना का जलस्तर बैराज पर लगे बाढ़ लेवल के करीब पहुंचकर थम गया। सिंचाई विभाग के कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार सुबह 9 बजे बाढ़ का लेवल धीरे-धीरे कम होकर 38961 क्यूसेक पर पहुंच गया। बैराज से 30141 क्यूसेक पानी दिल्ली की ओर नदी में डायवर्ट किया गया है। हथिनी कुंड बैराज से निकलने वाली उत्तर प्रदेश की पूर्वी नहर में 1310 क्यूसेक तथा पश्चिमी यमुना नहर में 7110 क्यूसेक पानी की आपूर्ति की जा रही है। संवाद