व्यासपुर। कस्बा के काली माता मंदिर में बुधवार को ग्राम सभा की बैठक सरपंच कीर्ति रानी की मौजूदगी में हुई। बैठक में पंचायत सदस्यों, ग्रामीणों एवं विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। बैठक की शुरुआत ग्राम सचिव विजयंत नेहरा ने कार्यवाही विवरण पढ़कर की। इसके बाद ग्रामीणों से विकास कार्यों पर सुझाव मांगे गए। बैठक में मुख्य रूप से ग्रामीण सड़क मरम्मत, स्वच्छता अभियान तथा शिक्षा व स्वास्थ्य सेवाओं के मुद्दों पर चर्चा हुई। ग्रामवासियों ने गलियों के निर्माण, नाली निर्माण व पानी निकासी में सुधार की मांग रखी।
इस दौरान सरपंच ने बताया कि पंचायत के बजट में उपलब्ध राशि से प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराए जाएंगे। ग्राम सभा में प्रधानमंत्री आवास योजना, मनरेगा तथा लाडो लक्ष्मी योजना जैसी सरकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। साथ ही युवाओं को नशा मुक्ति एवं शिक्षा के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया। बैठक के अंत में सरपंच प्रतिनिधि पंकुश खुराना ने सभी ग्रामीणों से सहयोग और एकजुटता के साथ गांव के विकास कार्यों में भागीदार बनने की अपील की। बैठक में संदीप कुमार, अशोक धीमान, डाॅ. सुभाष, कासिम राणा, आदर्श सैनी, पंकुश खुराना, राकेश कुमार, जगतार सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
ग्रामीणों ने रखी ये मांगें: ग्राम सभा में ग्रामीणों ने पोस्ट आफिस के पीछे सफाई कराने की मांग की। राधा स्वामी काॅलोनी वासियों ने काॅलोनी में गली निर्माण व नालियों की मरम्मत की मांग की। श्री खेड़ा मंदिर व्यास सरोवर समिति ने वेद व्यास सरोवर में ओवरफ्लो पानी को निकालने की मांग रखी। ईदगाह स्थित काॅलोनी में गली निर्माण, रघुनाथ मंदिर के पास गली निर्माण, राम नगर कॉलोनी में गली निर्माण, तालाब के पानी निकासी, सुंदरीकरण व रिटेनिंग वाल का निर्माण करवाने की मांग की गई।संवाद