छछरौली
सुबह घर से सैर के लिए निकले रोडवेज ड्राइवर की लकड़ी से भरे ट्रैक्टर के नीचे कुचले जाने से मौके पर ही मौत हो गई। ट्रैक्टर ड्राइवर मौके पर ट्रैक्टर ट्राली छोड़कर घटनास्थल से फरार हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर ट्रैक्टर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
छछरौली थाना प्रभारी पृथ्वी सिंह ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 7:00 बजे थाने में सूचना आई थी कि छछरौली तहसील के पास एक ट्रैक्टर ट्राली ने व्यक्ति को टक्कर मार दी है। मौके पर जाकर देखा तो ट्राली का पिछला टायर व्यक्ति के ऊपर चढ़ा हुआ था। इस दौरान व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई थी। मृतक व्यक्ति को ट्राली के नीचे से निकल गया और उसकी शिनाख्त की गई तो पता चला कि वह छछरौली निवासी रमन उम्र 40 वर्षीय है। जो कि रोडवेज में ड्राइवर है। मृतक के परिजनों ने बताया कि वह सुबह घर से सैर करने के लिए निकला था और उसके थोड़ी देर बाद ही घर पर सूचना आई कि रमन का एक्सीडेंट हो गया है। शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है। ट्रैक्टर चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में ले लिया है। ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया था।