रेलवे वर्कशाप में एसएसई दिनेश गौड़ के सुसाइड मामले में साथियों की ओर सोमवार को वर्कशापपरिसर में प्रदर्शन के बाद रेल प्रशासन ने एक आरोपी केएस कटारिया के निलंबन के आदेश जारी किए हैं। गौड़ ने सुसाइड नोट में कटारियों को भी अपनी मौत का जिम्मेदार बताया था।
वर्कशाप के 100 से अधिक एसएसई और जेई ने सीडब्ल्यूएम के खिलाफ नारेबाजी की। कर्मियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने वर्कशॉप केसीडब्ल्यूएम आरके सेंगर से मुलाकात की। इस दौरान आरोपी एसएसई केएस कटारिया को निलंबित करने, गौड़ के परिवार के सदस्य को योग्यता के आधार पर नौकरी देने, ठेकेदार से संबंधित कार्य की जांच करने आदि की मांग की गई। इसके बाद वर्कशाप प्रबंधन ने आरोपी एसएसई केएस कटारिया को निलंबित कर दिया। प्रबंधन ने वर्कशॉप में दिए जाने वाले ठेकों की जांच के लिए भी एक कमेटी का गठन कर दिया है।
यह है मामला
एसएसई दिनेश गौड़ ने सुसाइड नोट में एसएसई केएस कटारिया, डिप्टी सीएमई सोम प्रकाश और ठेकेदार पंकज को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया था। गौड़ के सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज किया था।
यूनियन ने जीएम को लिखा पत्र
उत्तर रेलवे कर्मचारी यूनियन ने इस मामले में जीएम को पत्र लिखा है। इसमें कहा गया है कि दिनेश गौड़ के सुसाइड नोट में रेलवे में हो रहे भ्रष्टाचार को उजागर किया है। इससे रेल प्रशासन की कार्यशैली पर ही सवाल उठा है। यूनियन मांग करती है कि कर्मचारी को आत्महत्या के लिए उकसाने वाले तत्वों के खिलाफ तत्काल कठोर कार्रवाई की जाए। साथ ही मामले की निष्पक्ष जांच भी हो। यूनियन ने मृतक और उसके परिवार को न्याय दिलाने की भी मांग की है। यूनियन ने एक फरवरी को वर्कशाप गेट पर रेलवे में भ्रष्टाचार और कर्मचारियों के उत्पीड़न के खिलाफ प्रदर्शन करने की घोषणा की है। यूनियन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने से दिवंगत अधिकारी की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन भी रखा।
परिवार ने किया रेलमंत्री को ट्विट
मृतक दिनेश गौड़ के परिवार ने सोमवार को रेल मंत्री को ट्विट कर मामले की जानकारी दी। इससे पहले रविवार को परिवार ने रेल मंत्री को ई-मेल के माध्यम से शिकायत भेजी थी। इसमें आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई थी। मृतक की पत्नी कल्पना गौड़ का कहना है कि तीन दिन गुजरने वाले हैं, लेकिन पुलिस ने अब तब किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है। उन्होंने मांग कि पुलिस आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करे।
पुलिस जांच टीम वर्कशाप पहुंची
एसएसई गौड़ की मौत के मामले में सोमवार को थाना फर्कपुर पुलिस रेलवे वर्कशाप पहुंची। पुलिस टीम ने कार्यालय में रिकॉर्ड की जांच की। उनके कई साथियों के बयान भी दर्ज किए। थाना फर्कपुर एसएचओ विरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में जांच चल रही है।
एक अन्य अधिकारी के खिलाफ भी रोष जताया:
प्रदर्शन करने कर रहे रेल कर्मियों ने वर्कशाप के एक अन्य अधिकारी के खिलाफ भी रोष जताया। कर्मियों ने बताया कि अधिकारी का रवैया अन्य स्टाफ के प्रति ठीक नहीं है। वह अधिकारी अपनी राजनैतिक पहुंच की धौंस दिखाते हैं और किसी भी अधिकारी या कर्मी से अच्छे से बात नहीं करते।
एसएसई कटारिया निलंबित, एसएसई गौड़ की पत्नी को मिलेगी नौकरी
एसएसई दिनेश गौड़ सुसाइड मामले को लेकर वर्कशाप में प्रदर्शन कर रहे इंजीनियर्स और जेई का एक प्रतिनिधिमंडल सीनियर सेक्शन इंजीनियर राजेश कुमार सैनी के नेतृत्व में वर्कशॉप के सीडब्ल्यूएम आरके सेंगर से मिला। सीनियर सेक्शन इंजीनियर राजेश कुमार सैनी ने बताया कि सीडब्ल्यूएम ने दिनेश गौड़ को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपी एसएसई केएस कटारिया को निलंबित कर दिया है। इसके अलावा मृतक दिनेश गौड़ की पत्नी को वर्कशॉप में उनकी शैक्षिक योग्यता के आधार पर नौकरी देने का फैसला किया गया है। दिनेश गौड़ का परिवार उसी कोठी मेें ही रहेगा। वर्कशाप में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ भी अभियान चलाया जाएगा। वर्कशाप मेें दिए जाने वाले टेंडरों की जांच की जाएगी।