तीन दिन पहले डीसी से मिले आश्वासन के बावजूद जम्मू कॉलोनी में शराब ठेका खोले जाने के विरोध में क्षेत्र की महिलाओं ने भक्ति गिरी दिखाई। संबंधित वार्ड-15 की पार्षद निर्मल चौहान के नेतृत्व में करीब 200 महिलाओं ने लाडली रोड पर खोले जा रहे ठेके में घुसकर भजन-कीर्तन शुरू कर दिया। इस दौरान काफी संख्या में पुरुष व युवाओं के एकत्र हो गए और हंगामा बढ़ने पर गांधी नगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। चौकी इंचार्ज पृथ्वी सिंह ने काफी देर तक लोगों को समझाने का प्रयास किया। बाद में उनकी आबकारी विभाग के अधिकारी से फोन पर बात कराई गई। अधिकारी द्वारा ठेके को दूसरी जगह शिफ्ट करने के आश्वासन पर लोग शांत हुए और अपने घर चले गए।
वार्ड नंबर-14 से पार्षद निर्मल चौहान ने बताया 28 मार्च को वह नगर निगम मेयर सरोज बाला के साथ डीसी आरएस खरब से उनके कार्यालय में मिली थीं। उन्होंने जम्मू कॉलोनी में लाडली रोड पर खोले जा रहे शराब के ठेके को दूसरी जगह शिफ्ट करने की मांग की। डीसी ने उन्हें आश्वसत किया गया था जम्मू कॉलोनी में शराब का ठेका नहीं खुलेगा। साथ ही उनकी शिकायत को डीसी द्वारा डीईटीसी के पास भेज दिया था। बावजूद इसके गुरुवार को जम्मू कॉलोनी में लाडली रोड पर ठेका रखने की तैयारी की जा रही थी। इसका पता चलते ही वह और क्षेत्र की करीब 200 महिलाएं करीब 11 बजे जम्मू कॉलोनी के कम्युनिटी सेंटर में एकत्रित हुईं।
जहां से पैदल मार्च निकालते हुए सभी लाडली रोड पर जहां ठेकेदार द्वारा लौहे के टीन-टप्पर का ठेका तैयार कर जेनरेटर भी बुलवा लिया गया था। महिलाओं ने ठेका खोले जाने का भक्तिगिरी से विरोध करते पहले ठेके के अंदर और फिर बाहर भजन-कीर्तन किया। इस दौरान काफी संख्या में पुरुष व युवाओं ने ठेके के विरोध में हंगामा शुरू कर दिया। इस बीच मौके आम आदमी पार्टी से अश्वनी चौधरी व अन्य कार्यकर्ताओं ने भी पहुंचकर लोगों के समर्थन में शराब ठेके का विरोध किया। सूचना पाकर गांधी नगर चौकी इंचार्ज पृथ्वी सिंह व एएसआई जसबीर सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने लोगों काफी देर तक समझाने का प्रयास किया, लेकिन प्रदर्शनकारी ठेके को दूसरी जगह शिफ्ट करने की मांग पर अड़ गए। इस पर चौकी इंचार्ज पृथ्वी सिंह ने आबकारी विभाग के सेवा सिंह से फोन पर लोगों की बात कराई, जिन्होंने ठेके को दूसरी जगह शिफ्ट करने का आश्वासन दिया।
किसी भी सूरत में नहीं खुलने देंगे शराब का ठेका
क्षेत्र की शारदा, बबली, रेखा, रजनी, सीमा, मनजीत, अनिता, शशी, संतोष, उषा, निर्मला, किरणबाला, जसमीन, संतोष, बलविंद्र, पिंकी, राकेश शर्मा, दर्शनलाल मेहंदीरत्ता, मोहन सिंह जौहल ने कहा कि जम्मू कॉलोनी में लाडली रोड पर जहां शराब ठेका खोला जा रहा है। वह रिहाइशी इलाका है और यह मार्ग राधा स्वामी सत्संग भवन और श्मशान घाट की ओर जाता है, इसलिए किसी भी सूरत में यहां शराब का ठेका नहीं खुलने दिया जाएगा। प्रशासन की ओर से मिले आश्वासन के बाद भी यदि कोई जबरदस्ती करनी चाही तो वह इस मामले को अपने तरीके से निपटाएंगे।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने का प्रयास किया। उनकी बात आबकारी विभाग के अधिकारी से कराई, जिन्होंने ठेके को यहां से कहीं ओर शिफ्ट कराने का आश्वासन दिया। इस पर लोग शंात हो गए।
पृथ्वी सिंह, इंचार्ज, गांधीनगर पुलिस चौकी।