शहर के भाटिया नगर में गारमेंटस शॉप के दिव्यांग संचालक ने फंदा लगाकर जान दे दी। संचालक के पास से सुसाइड नोट भी मिला है। जिसमें उसने रुपये के लेनदेन को लेकर परेशान होने की बात लिखी है। पुलिस ने सुसाइड नोट कब्जे में लेकर तीन लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में केस दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। मंगलवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया।
भाटिया नगर निवासी विजय कुमार उर्फ रिंकू (35) छोटी लाइन पर गारमेंटस की दुकान चलाता था। मंगलवार को उसका छोटा भाई सन्नी व बहन मोना बसातियांवाला स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर माथा टेकने गए थे। उस समय घर पर कोई नहीं था। इसी दौरान विजय दुकान से घर लौटा। इस दौरान उसने घर की गैलरी में रस्सी डालकर खुद को फंदा लगा आत्महत्या कर ली। पड़ोसियों ने घर की छत से उसे फंदे पर लटके देखा और इसकी सूचना उसके भाई सन्नी को दी गई। भाई द्वारा सुसाइड करने की सूचना पर सन्नी व उसकी बहन तुरंत घर पहुंचे और मामले की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर थाना शहर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से उतारा। पुलिस ने जब विजय कुमार के शव की जांच की तो उसके पास से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ। जिसमें उसने कुछ लोगों पर पैसे के लेनदेन को लेकर परेशान करने की बात कहीं। पुलिस ने मृतक के भाई सन्नी की शिकायत पर सुसाइड नोट में नाम लिखे मिले तीन लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में केस दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
रुपयों के लिए लोग मुझे दे रहे धमकियां :
विजय के पास से मिले सुसाइड नोट लिखा है कि 'मुझे माफ करना। मैं अपनी जिम्मेवारी नहीं निभा सका। बहुत मजबूर हो गया हूं। इसलिए यह कदम उठा रहा हूं, हो सके माफ कर देना। लोग मुझे जीने नहीं दे रहे हैं। सुभाष मेरा पार्टनर जिससे पांच लाख रुपये लेने है। सुभाष वो पैसे दो लाख सांगवान, दो लाख ग्रीन एप्पल को दे दे। एक लाख मन्नी को दे दे। पचास हजार मन्नू को दे दे। मैं बहुत परेशान हूं, मुझे लोग धमकियां दे रहे हैं। मेरे बाद मेरे परिवार की सुरक्षा की जाए। मोना की शादी अच्छे घर में करनी होगी, लोग मुझे टाइम नहीं दे रहे हैं। मुझे माफ करना।
चार दिन में सुसाइड का दूसरा मामला :
ट्विनसिटी में चार दिन में सुसाइड का यह दूसरा मामला है। इससे पहले 27 जनवरी की रात रेलवे के सीनियर सेक्शन इंजीनियर दिनेश गौड़ ने अपने क्वार्टर में फंदा लगाकर जान दे दी थी। उनके पास से भी सुसाइड नोट बरामद किया गया था। जिसमें उन्होंने रेलवे के दो अधिकारियों व एक रेलवे ठेकेदार को अपनी मौत का जिम्मेवार ठहराया था।
तीन पर केस, जांच शुरू
भाटिया नगर में सुसाइड की सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी। मृतक के पास से मिले सुसाइड नोट के आधार व उसके भाई की शिकायत पर तीन लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्जकर लिया है। मामला रुपये के लेन देन का है। पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।
- सुभाष चंद्र, एसएचओ, थाना शहर यमुनानगर।