नगर निगम द्वारा दुकानदारों को स्वयं अतिक्रमण और कब्जा हटाने के लिए 31 अक्तूबर तक का समय दिया था, किंतु इस समय सीमा में दुकानदार अपने दायरे में रहने के बजाए फुटपाथ समेत सड़क तक आ गए हैं। त्योहारी सीजन में मिली ये छूट अतिक्रमणकारियों को खूब रास आ रही है वहीं, दूसरी ओर यह राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बन गई है।
आलम यह है कि फुटपाथ पर दुकानदारों का सामान है तो सड़कों के किनारे त्योहारी सीजन के सामान की फड़ियां व रेहड़िया लगी हैं। पार्किंग का कोई विकल्प न होने से वाहन चालक भी सड़कों पर भी वाहन खड़े कर रहे हैं। इससे शहर के मुख्य मार्गों पर सुबह-शाम जाम की स्थिति के साथ वाहनों के बीच से गुजरते राहगीरों के हादसे की चपेट में आने की आशंका बनी हुई है।
यह सब कुछ जगजाहिर होने के बावजूद प्रशासन की त्योहारी सीजन में अतिक्रमण व जाम से निपटने की कोई स्ट्रैटेजी नहीं है। बता दें कि धनतेरस व दीपावली को लेकर दुकानदारों ने फुटपाथ पर एक तरह से पूरी तरह कब्जा कर लिया है वहीं, उनके आगे त्योहारी सीजन का सामान बेचने के लिए रेहडिय़ां व फडिय़ां लग गई हैं। इससे सड़कें सिकुड़ कर आधे से भी कम रह गईं है। इस बार त्योहारी सीजन में अतिक्रमण व जाम की स्थिति से निपटने में प्रशासन नाकाम साबित हो रहा है। जबकि नगर निगम की ओर से कुछ दिनों पहले दुकानदारों को स्वयं ही अतिक्रमण व कब्जे हटाने के लिए 31 अक्तूबर तक का समय दे दिया गया है। अतिक्रमण व कब्जे हटाने के बजाए दुकानदारों ने फुटपाथ के साथ सड़कों के किनारे पर भी पूरी तरह कब्जा कर लिया है।
धनतेरस पर जुटी भीड़, सड़क जाम
शुक्रवार को धनतेरस पर शहर के मुख्य मार्ग दिनभर जाम रहे वहीं, देर शाम तक यही स्थिति बनी रही। सबसे ज्यादा भीड़ न्यू मार्केट, खेड़ा बाजार और मीराबाई बाजार में रही वहीं, सबसे व्यस्त रेलवे रोड और जगाधरी वर्कशॉप रोड पर भी सुबह से देर शाम तक खरीदारी हुई। धनतेरस पर खरीदारी के लिए यहां पहुंचे लोगों को इसी अव्यवस्था के आलम में दिक्कतों से दो-चार होना पड़ा। रेलवे रोड पर न्यू मार्केट से शहीद भगत सिंह चौक और जगाधरी वर्कशॉप रोड पर शहीद भगत सिंह चौक से थापर ग्राउंड तक गुरुवार को ही सुबह से देर शाम तक जाम में फंसे वाहन रेंगते दिखाई दिए। अगर प्रशासन ने इस दिशा में कोई कार्रवाई न की तो धनतेरस व दीपावली पर यह स्थिति और बिगड़ सकती है।
सरकार की हिदायत के अनुसार त्योहारी सीजन में तह बाजारी लेकर सामान लगाने दिया जा रहा है। दुकानदारों समेत रेहड़ी व स्टॉल लगाने वालों को चेताया गया है कि फुटपाथ पर राहगीरों के चलने व सड़क पर जाम की स्थिति न बने इसके लिए अपने निर्धारित स्थान से बाहर सामान न लगाए।
गिरीश अरोड़ा, कमिश्रर, नगर निगर।