आंगनबाड़ी केंद्रों में जाने वाले सामान को लेकर किस तरह का घपला होता है। इसकी एक झलक मंगलवार जगाधरी अनाज मंडी में देखने को मिली, जब आंगनबाड़ी केंद्रों का रिफाइंड तेल, बच्चों के झूले व अन्य सामान की छह गाड़ियों की जगह 12 गाड़ियों के बिल्टी पर साइन करने को कहा। आंगनबाड़ी सुपरवाइजर्स ने मौके पर खड़ी तीन गाड़ियों को वही रोक दिया और छह गाड़ियों की जगह 12 गाड़ियों की बिल्टी पर साइन करने से साफ इंकार कर दिया। इस बात को लेकर आंगनबाड़ी सुपरवाइजर्स और केंद्रों पर सामान पहुंचाने वाले ठेकेदार के बीच जमकर हंगामा हो गया। मामला बढ़ता देख पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर शांत किया।
बता दे कि जगाधरी अनाजमंडी में आंगनबाड़ी केंद्रों पर पहुंचने वाली खाद्य सामग्री और अन्य सामान का गोदाम है। जहां से आंगनबाड़ी केंद्रों पर सामान सप्लाई किया जाता है। सामान सप्लाई करने का ठेका एक ठेकेदार के पास है। मंगलवार को ठेकेदार छह गाड़ियां लेकर गोदाम पर पहुंच गया। आरोप है कि ठेकेदार ने 12 गाड़ियों के सामान को छह गाड़ियों में ठूंस ठूंस कर भर लिया। जब ठेकेदार सुपरवाइजर्स से 12 गाड़ियों की बिल्टी पर साइन कराने गए तो उन्होंने देखा कि गाड़ियां छह और और बिल्टी 12 गाडिय़ों की है तो उन्होंने बिल्टी पर साइन करने से साफ मना कर दिया और आंगनबाड़ी केंद्रों में सामान लेकर जा रही गाड़ियों को वहीं रोक दिया। इस पर ठेकेदार व एक ट्रक चालक ने उनके हाथों से बिल्टी के दस्तावेज छीन लिए। इस बात पर ठेकेदार और आंगनबाड़ी सुपरवाइजरों के बीच जमकर बहस हुई। कुछ देर में बहस हंगामे में बदल गई। बात बढ़ती देख मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर जगाधरी हुडा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत किया और दोनों पक्षों की लिखित में शिकायत ली।
छह गाड़ियों के बदले 12 गाड़िय्रों की बिल्टी क्यों
गाड़ी रोकने वाली आंगनबाड़ी सुपवाइजर संतोष और अन्य ने बताया कि ये धोखाधड़ी है। जब छह गाड़ियां सामान लेकर जा रही है तो 12 गाड़ियों की बिल्टी पर उनसे क्यों साइन करवा रहे है। ये सरासर गलत है और हम इस तरह इस पर साइन नहीं करेंगी। उन्होंने कहा कि छह गाड़ियों के बदले 12 गाड़ियों की बिल्टी केवल किराए को लेकर है या फिर कम गाड़ियां के बदले ज्यादा दिखाने के पीछे कोई बड़ा घोटाला है। इसकी जांच की जाए।
झगड़ा करने वाले चालक पर हो कार्रवाई :
आंगनबाड़ी सुपरवाइजर्स ने बताया कि हंगामे के दौरान एक ट्रक ड्राईवर ने उनके हाथ से बिल्टी के कागज छीन लिए। और उनसे झगड़ा करने लगा। उन्होंने इस संबंध में पुलिस को शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
लंबे समय से चल रहा घपलेबाजी का खेल :
जगाधरी अनाजमंडी गोदाम से आंगनबाड़ी केंद्रों पर सप्लाई किए जाने वाला सामान हर माह भेजा जाता है। जिस ठेकेदार द्वारा छह गाड़ियों के बदले 12 गाड़ियों की बिल्टी साइन कराने की बात कहीं, वह भी लंबे समय से कार्यरत है। इससे सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि कम गाड़ियों में अधिक गाड़ियों के सामान को ले जाने का खेल लंबे समय से चल रहा होगा।
आंगनबाड़ी सुपरवाइजर ने एक शिकायत दी है। जिसमें उन्होंने कहा है कि छह गाड़ियां आंगनबाड़ी केंद्रों पर सामान लेकर जा रही है लेकिन उनसे 12 गाडिय़ों की बिल्टी पर साइन करने को कहा गया, उनकी शिकायत ले ली गई है और आंगनबाड़ी केंद्र एडीसी कार्यालय के अंतर्गत आते है तो मामला उनके संज्ञान में भी लाया जाएगा और जैसे निर्देश मिलेंगे उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
- बलदेव राज, जांच अधिकारी, हुडा चौकी, जगाधरी।