राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर स्थानीय हिंदू स्कूल व डीएवी कालेज की एनसीसी इकाई द्वारा कार्यक्रम का आयोजन कर मतदाताओं को जागरूक किया। हिंदू स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में उप मंडल अधिकारी नागरिक नवीन आहूजा ने नए बने मतदाताओं को वोटर कार्ड बांटे। मतदाताओं से अपने मत का सही ढंग से उपयोग करने को कहा। मौके पर प्राचार्य कर्म राठी एवं बीएलओ गुलशन परुथी व नसार अहमद सहित काफी संख्या में मतदाता मौजूद थे।
14 हरियाणा बटालियन के कमान अधिकारी कर्नल जयंतो घोष एवं प्रशासनिक अधिकारी कर्नल राजकुमार दहिया ने एनसीसी के स्वयंसेवकों को अधिक से अधिक संख्या एवं उत्साह से राष्ट्रीय मतदाता जागरूक अभियान में भाग लेने का आह्वान किया। उधर, डीएवी कॉलेज में मतदाता दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कालेज प्राचार्य डा. रणपाल सिंह ने कहा कि आज का दिन देश के मतदाताओं को अपने मताधिकार के लिए जागरूक करने के लिए मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक युवा जो कि 18 वर्ष की आयु का हो चुका है उसे अपना मत बनवा लेना चाहिए। एनसीसी अधिकारी अंकेश्वर प्रकाश ने बताया कि चाहे विश्व योग दिवस हो, चाहे पोलियो अभियान या फिर कोई भी सामाजिक जागरूकता अभियान एनसीसी के स्वयंसेवक इन सब में काफी उत्साह से भाग लेते है। इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने जागरूकता रैली भी निकाली। रैली का नेतृत्व एनसीसी अधिकारी प्रो. अंकेश्वर प्रकाश एवं हवलदार प्रशिक्षक इशम सिंह द्वारा किया गया। रैली के दौरान स्वयं सेवकों ने मतदाताओं को जागरूक करने का कार्य भी किया।