खंड के गांव चंगनौली में मंगलवार की दोपहर गेहूं के खेतों में अचानक आग लग गई। जिसके कारण लगभग डेढ़ एकड़ गेहूं व आधा एकड़ गन्ने की फसल जल कर राख हो गई। सूचना मिलते ही फायर बिग्रेड की गाड़ी ने मौके पर पहुंच कर ग्रामीणों की सहायता से आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
चंगनौली के किसान विक्रम के गेहूं के खेतों में आग लग गई। पास के खेतों के काम कर रहे मजदूरों ने जब खेत से आग की लपटें उठती हुई देखी तो इसकी सूचना खेत के मालिक को दी। तेज हवा ने आग को और भड़का दिया, जिससे पास के खेत में आग पहुंच जाने के कारण किसान प्रमोद की भी आधा एकड़ गेहूं की फसल व आधा एकड़ गन्ना व ओम प्रकाश का आधा एकड़ गेहूं की फसल भी आग से जल कर राख हो गई। आग लगने की सूचना दमकल विभाग को दी गई। सूचना मिलने पर दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से करीब आधा घंटे में आग पर काबू पा लिया। अगर समय रहते फायर बिग्रेड व ग्रामीण आग पर काबू नहीं पाते तो आग विकराल रूप धारण कर भारी तबाही मचा सकती थी। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।