बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम के तहत लड़कियों की शिक्षा को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाने के लिए डीसी डॉ. एसएस फूलिया को महिला एवं बाल विकास मंत्रालय द्वारा सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान नेशनल गर्ल चाइल्ड डे के अवसर पर 24 जनवरी को नई दिल्ली में मिलेगा।
बता दें कि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम के तहत लड़कियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए पूरे देश से सौ जिलों चयन किया गया था। इन जिलों में से कन्याओं को अच्छी शिक्षा देने के लिए दस जिलों ने अहम भूमिका निभाई। इन दस जिलों में हरियाणा का यमुनानगर व पंजाब प्रदेश का मानसा जिला शामिल है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर की अनुमति से मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव राकेश गुप्ता व महिला एवं बाल विकास विभाग हरियाणा की निदेशक रेणू फूलिया ने इफैक्टिव कॉम्यूनिटी अंगेजमेंट के लिए कुरुक्षेत्र, पीसीपीएनडीटी के लिए रिवाड़ी तथा लड़कियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए यमुनानगर के नाम महिला एवं बाल विकास मंत्रालय भारत सरकार को भेजे थे। लड़कियों की शिक्षा को बढ़ावा देने की श्रेणी के लिए यमुनानगर को विशेष रूप से चुना गया है, जिसके लिए डीसी डॉ. एसएस फूलिया के दिशा-निर्देश में विशेष कदम उठाए गए। इस भूमिका में डीसी का विशेष योगदान रहा है। इसी योगदान के लिए 24 जनवरी को नई दिल्ली में होने वाले विशेष कार्यक्रम में यमुनानगर के डीसी डॉ. एसएस फूलिया को सम्मानित किया जाएगा।