नवनिर्वाचित मेयर प्रवीण पोपली ने आज नगर निगम कार्यालय में पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वह मेरा शहर मेरा स्वाभिमान के ध्येय पर काम करेंगे। मेयर ने कहा कि पूरा शहर मेरा परिवार है और इस परिवार का कोई भी सदस्य बुनियादी सुविधाओं से वंचित न रहे इसे लेकर पूरे प्रयास किए जाएंगे। सभी पार्षद और निगम के अधिकारियों के साथ मिलकर यह कार्य किया जाएगा। उन्हें उम्मीद है कि सभी पार्षद और अधिकारी इसमें उनका सहयोग करेंगे। हिसार को एक आदर्श शहर बनाना है।
एक सवाल पर मेयर ने कहा कि प्रॉपर्टी आईडी में कुछ दिक्कतें रही हैं। मगर 50 से 60 प्रतिशत का समाधान किया जा चुका है। जो रह गई है, उनका वर्गीकरण करके समाधान किया जाएगा। अगर कोई पॉलिसी मैटर है तो उसे पर बात की जाएगी। उनकी पहली प्राथमिकता में बुनियादी सुविधा रहेंगी, जबकि दूसरी प्राथमिकता विकास कार्य रहेंगे।
निगम कार्यालय के गेट पर नतमस्तक हुए मेयर
उधर मेयर पदभार ग्रहण करने के लिए निगम कार्यालय में पहुंचे तो कार्यालय में एंट्री से पहले वह गेट पर नतमस्तक हुए। मेयर ने पूर्व मंत्री डॉक्टर कमल गुप्ता और सज्जन जिंदल के मौजूदगी में पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर निगम आयुक्त नीरज सहित सभी निगम अधिकारी और पार्षद मौजूद रहे।