प्रतापनगर। पिछले 20 वर्षों से प्राचीन कलेसर महामठ मंदिर में हर रविवार को यज्ञ का आयोजन किया जाता है। अब तक खुले आसमान के नीचे यज्ञ किया जाता था, परंतु अब मठ प्रांगण में एक यज्ञशाला का निर्माण हो चुका है जहां पर यज्ञ होता है। इतना ही नहीं मौसम कैसा भी क्यों न हो हर रविवार को यहां यज्ञ होता ही है। बता दें कालेश्वर स्थित महादेव मंदिर एक प्रसिद्ध धार्मिक स्थल है। जहां श्रद्धालुओं की गहरी आस्था है। यमुना नदी के किनारे बना यह मंदिर श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है जो की एक बहुत सुंदर और आध्यात्मिक स्थान के नाम से प्रसिद्ध है।
यज्ञ से मन पवित्र होता है
वहीं, कालेश्वर महादेव मठ कलेसर के महंत सांतानंद महाराज के अनुसार गीता शास्त्र में आया है यज्ञो दानम तपस्वियों, यज्ञ प्रक्रिया से संत महात्मा के मन को शांति मिलती और मन पवित्र होता है। वहीं, यज्ञ करने से देवता प्रसन्न होते हैं, जब देवता प्रसन्न होते हैं तो समय पर बारिश होती है। उन्होंने बताया कि पिछले 20 वर्षों से लगातार हर सप्ताह हर रविवार को यहां हवन होता रहा है। जो निरंतर जारी है। उन्होंने बताया कि हजारों साल से ऋषि महात्मा यहां धूनी पर बैठकर हवन करते चले आ रहे हैं। लगातार एक साल तक स्वामी महानंद ने एक सूर्य यज्ञ किया था। पूरे एक साल तक यहां सूर्य यज्ञ हुआ। पहले बिना यज्ञशाला के यहां यज्ञ होता आया है अब यज्ञ शाला का निर्माण हो चुका है।