संवाद न्यूज एजेंसी
व्यासपुर। गांव अजीजपुर कलां के 15 वर्षीय पहलवान कुशाल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एशियन रेसलिंग चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में स्थान बनाया है। लखनऊ में हुई चयन प्रक्रिया में स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। चयन प्रक्रिया के दौरान कुशाल ने अपने सभी मुकाबलों में बेहतरीन प्रदर्शन किया और अंतिम मुकाबले में स्वर्ण पदक अपने नाम किया।
इस उपलब्धि के साथ कुशाल का चयन भारतीय टीम में हो गया। अब वह 27 जून से पांच जुलाई तक थाईलैंड में होने वाली एशियन रेसलिंग चैंपियनशिप में देश का प्रतिनिधित्व करेगा। कुशाल वर्तमान में गांव अजीजपुर कलां स्थित अखिल शर्मा पहलवान अखाड़ा में प्रशिक्षण ले रहा है। लगातार अभ्यास, अनुशासन और समर्पण के बल पर उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाई है। भारतीय टीम में चयन की खबर मिलते ही गांव अजीजपुर कलां और आसपास के क्षेत्रों में खुशी का माहौल है।
ग्रामीणों, खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों ने इसे क्षेत्र के लिए गौरव बताया और मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया। कोच निखिल शर्मा ने बताया कि कुशाल शुरू से ही मेहनती और लक्ष्य के प्रति समर्पित खिलाड़ी रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि वह एशियन रेसलिंग चैंपियनशिप में भी शानदार प्रदर्शन कर देश के लिए पदक जीतकर नाम रोशन करेगा। कुशाल की यह उपलब्धि क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा है।