संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। पटवारी की हड़ताल से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। करीब एक सप्ताह से लोगों के काम अटके हुए हैं। वहीं, वीरवार को भी पटवारी व कानूनगो हड़ताल पर रहेंगे। उनके हड़ताल पर होने से करीब दो हजार से ज्यादा इंतकाल, 1,500 मूल निवास, 1,000 जातीय सहित अन्य प्रमाणपत्र, ऋण संबंधी दस्तावेज, तस्दीक दस्तावेज सहित जमाबंदी, फर्द, वारसान रिपोर्ट, कोर्ट संबंधी के अलावा अन्य काम रुके पड़े हैं। इसके अतिरिक्त गिरदावरी न होने से किसानों की परेशानी बढ़ गई हैं।
इस दौरान बुधवार को पांचवें दिन भी लोग कार्यालय पहुंचे और कार्यालयों पर ताले देखकर लौट गए। इस दौरान जिले के 88 पटवारी और 14 कानूनगो हड़ताल पर हैं। सबसे ज्यादा परेशानी दूर से आने वाले लोगों को हो रही है। लोग अपने काम से छुट्टी लेकर पटवारी कार्यालय आ रहे हैं, लेकिन बिना काम के मायूस लौट रहे हैं। बुधवार को भी पटवारी कार्यालय आए लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इस दौरान पटवारियों ने जगाधरी अनाजमंडी में पांचवें दिन भी हड़ताल जारी रखते हुए धरना दिया।
पटवारियों व कानूनगो ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन का नेतृत्व प्रधान रामफल गुर्जर ने किया। उन्होंने कहा कि मांगों को लेकर सरकार से एसोसिएशन की सहमति नहीं बन पाई है। इस कारण दो दिन हड़ताल बढ़ा दी गई है। ऐसे में बुधवार व वीरवार को भी हड़ताल जारी रहेगी और धरना दिया जाएगा। इस दौरान अवतार सिंह, अभिषेक सिंह, सतीश मालिक, सलीम खान, संजय कुमार, राजीव हुसैन, अभिषेक कुमार, मनीष, देवी चंद सभी पटवारी व कानूनगो उपस्थित रहे।
-
तीन बार नहीं हुआ काम
गांव गोलनी निवासी कमल ने बताया कि वह मकान के नक्शे का काम लेकर आए थे। वह तीन बार पटवारी कार्यालय आ चुके हैं। हर बार दो दिन की हड़ताल होने की जानकारी मिलती है। वह 25 किलोमीटर दूर से काम से छुट्टी लेकर पटवारी कार्यालय आ रहे हैं, लेकिन काम नहीं हो रहा है। एक बार फिर उन्हें बिना काम के लौटना पड़ रहा है। इसके लिए काम से छुट्टी ली थी, अब दोबारा आना पड़ेगा।
-
मूल निवास बनवाना था
शहर निवासी लक्ष्य ने बताया कि पटवारियों की हड़ताल की मंगलवार तक की जानकारी थी। वह मूल निवास बनवाने के लिए आए थे। परंतु यहां आकर पता चला कि पटवारी दो दिन और बढ़ गई है। ऐसे में वीरवार को भी काम नहीं होगा। दो बार वह इसके लिए आ चुके हैं। मूल निवास के लिए अब सोमवार तक इंतजार करना पड़ेगा।
-