संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। अंबाला में हुई लेवल-1 राज्य चैम्पियनशिप में डीडीपी स्पोर्ट्स अकादमी के खिलाड़ियों ने 24 पदक हासिल किए। खिलाड़ियों ने प्रतिद्वंद्वियों को कड़ी टक्कर देते हुए 10 स्वर्ण, सात रजत और सात कांस्य पदक अपने नाम किए। उनकी इस उपलब्धि से अकादमी के साथ जिले का नाम भी रोशन हुआ है।
अकादमी संचालक नवीन रोहिल्ला ने बताया कि प्रतियोगिता में कुल 121 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इसमें अंडर-4, अंडर-6, अंडर-8 और अंडर-10 आयु वर्ग के खिलाड़ियों ने अपनी खेल प्रतिभा दिखाई। अकादमी के खिलाड़ियों ने चारों आयु वर्गों में बेहतर प्रदर्शन कर पदकों की झड़ी लगा दी।
बालिका वर्ग में ऐशलीन, हरनूर, जीविका, भारिका और नलिश ने स्वर्ण पदक जीते। वहीं बालक वर्ग में शौर्य, गोअंश, राजकंवल और अभय ने स्वर्ण पदक हासिल कर अपनी श्रेष्ठता साबित की। रजत पदक जीतने वालों में बालिका वर्ग से आरवी, एरियाना, एमी, पीहू और अकेशिया तथा बालक वर्ग से लक्ष्य और रौतेज शामिल रहे।
कांस्य पदक पर बालिका वर्ग में सिया, अनमोलप्रीत, रीवा, रावी और अनायरा ने कब्जा किया। बालक वर्ग में कबीर और प्रणव ने कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। रोहिल्ला ने कहा कि बच्चों की यह उपलब्धि उनकी नियमित मेहनत, आत्मविश्वास और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है। इसमें कोच अमन के मार्गदर्शन की भी अहम भूमिका रही है।
उन्होंने कहा कि बच्चों ने कम उम्र में ही जिस तरह अपनी प्रतिभा दिखाई है, उससे भविष्य में उनके राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने की उम्मीद है। उन्होंने सभी पदक विजेताओं, उनके अभिभावकों और कोच अमन को बधाई देते हुए बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।