संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिला परिषद सभागार में महिलाओं के अभिनंदन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग एवं जल एवं स्वच्छता सहयोग संगठन की ओर से आयोजित किया गया। जिला सलाहकार रजनी गोयल ने कहा कि जल संरक्षण में महिलाओं की भूमिका अहम है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डिप्टी सीईओ जसविंदर सिंह और विशिष्ट अतिथि के रूप में कार्यकारी अभियंता नरेश ढिल्लो पहुंचे। इस दौरान रजनी ने कहा कि घर-घर में पानी के उपयोग को नियंत्रित करने में महिलाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है, इसलिए जल संरक्षण के प्रयासों में उनकी भागीदारी जरूरी है।
मुख्य अतिथि जसविंदर सिंह ने कहा कि जल संरक्षण आज की सबसे बड़ी जरूरत है और सभी को मिलकर इस दिशा में कार्य करना होगा। उन्होंने महिलाओं से अपने-अपने गांवों में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया। कार्यकारी अभियंता नरेश ढिल्लों ने कहा कि खुले नलों से बहता पानी व्यर्थ जाता है और इससे जलभराव जैसी समस्याएं भी उत्पन्न होती हैं।
उन्होंने लोगों को पानी के सही उपयोग के प्रति जागरूक रहने की अपील की। कार्यक्रम में विभिन्न गांवों से आई महिलाओं को जल प्रबंधन में योगदान के लिए सम्मानित किया गया। इनमें किशनपुरा की निशा रानी, भोजपुर की अनीता, धोरंग की पुष्पा, तिगड़ी की सुनीता रानी, खदरी की अमरजीत और फतेहपुर की खुशबू शामिल रहीं।
सेल्फ हेल्प ग्रुप की सदस्य निशा चौधरी ने बताया कि वे गांवों में पानी बचाने को लेकर महिलाओं को जागरूक करती हैं और खुले नलों को बंद करने के लिए प्रेरित करती हैं। इस अवसर पर खंड समन्वयक अशोक कुमार, राजवीर सिंह, मुनीष कुमार, विजय कुमार सहित कई अधिकारी व महिलाएं उपस्थित रहीं।