संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। छोटी लाइन रोड पर दुर्गा गार्डन समीप सोमवार को शराब ठेका खुलने का पहले ही दिन विरोध हो गया। दुर्गा गार्डन से महिलाओं सहित पुरुष रात में ठेके के बाहर बैठ गए और करीब दो घंटे तक हंगामा किया। मौके पर पहुंची सेक्टर-17 थाना पुलिस ने लोगों को समझा कर शांत किया, तब वह घर लौटे।
दुर्गा गार्डन निवासी तारो देवी, कैलाशचंद, तेजबाला, संगीता व राजदेवी ने बताया कि शराब का ठेका रिहायशी क्षेत्र में है। पास में सरकारी स्कूल है। ठेके साथ ही काफी घर भी हैं। ऐसे में यहां शराब ठेका खुलने से निवासियों को परेशानी होगी। पहले भी यहां शराब ठेका था। तब शराब पीने वाले लोग यहां गलियों में बाइक व कारें खड़ी कर देते थे।
रास्ता अवरुद्ध होने से आने-जाने में दिक्कत होती थी। साथ ही ठेके पर शराब पीने के बाद लोग तेज आवाज में गाली-गलौज करने के साथ खुले में लघु शंका करते थे। कपड़े उतार गली में उत्पात मचाते थे। कई सड़क व गलियों में नशे में धुत होकर लेट जाते थे। कई बार आपस में झगड़ते भी थे। यह स्थित यहां दोबारा न बने, इसलिए उनकी मांग है कि शराब ठेके को दूर ले जाया जाए।
ऐसा न होने से बच्चों को स्कूल आने-जाने, महिलाओं को बाजार सामान लेने व घर के बाहर रेहड़ी पर फल-सब्जी खरीद पाने में भी परेशानी होगी। धार्मिक स्थलों पर जाते समय भी ठेके के बाहर के माहौल से आस्था पर ठेस पहुंचेगी।