संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। श्री गौरी शंकर मंदिर जगाधरी में भागवत सेवा परिवार की ओर से श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन किया गया। पहले दिन मंगलवार को कथा के शुभारंभ पर मंदिर से कलश यात्रा निकाली गई। महिलाएं सिर पर कलश धारण कर भजन-कीर्तन करते हुए कथा स्थल तक पहुंची। इसके बाद कथा का शुभारंभ हुआ।
सहारनपुर से पहुंचे आचार्य देशमुख वशिष्ठ ने श्रीमद्भागवत कथा के महात्म्य का वर्णन करते हुए धुंधकारी का प्रसंग सुनाया। उन्होंने बताया कि धुंधकारी अपने बुरे कर्मों और गलत संगति के कारण प्रेत योनि को प्राप्त हुआ था। इसके बाद गोकर्ण जी के माध्यम से उसे श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण करने का अवसर मिला। कथा के प्रभाव से उसे प्रेत योनि से मुक्ति प्राप्त हुई।
आचार्य ने समझाया कि श्रीमद्भागवत कथा का श्रवण मनुष्य के जीवन को पवित्र करने वाला है। व्यक्ति को बुरी संगति और गलत कर्मों से दूर रहकर धर्म और भक्ति के मार्ग पर चलना चाहिए। उन्होंने कथा श्रवण के नियमों की जानकारी देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं को पूरी श्रद्धा, एकाग्रता और शांत मन से कथा सुननी चाहिए।
कथा में बताए गए प्रसंगों और शिक्षाओं को केवल सुनने तक सीमित नहीं रखना चाहिए, बल्कि उन्हें अपने जीवन में भी अपनाना चाहिए। इससे मनुष्य के विचारों में शुद्धता आती है और जीवन में अच्छे संस्कार विकसित होते हैं। इस अवसर पर बलजीत गंभीर, भारत मित्तल, वीरेंद्र वधावन, ललित गुप्ता, गोपाल मित्तल, सुनील मित्तल, गोयल, आयुष गोयल, सुभाष ढींगरा, अमृत अग्रवाल, मनोज पजेटा, प्रेम गर्ग, पूनम अग्रवाल सहित अन्य उपस्थित रहे।