संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। अलग-अलग क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाएं अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर राज्य स्तरीय महिला पुरस्कार से सम्मानित होंगी। इसके लिए महिलाएं 26 दिसंबर तक महिला एवं बाल विकास कार्यालय में आवेदन कर सकती हैं। यह जानकारी डीसी प्रीति ने दी।
उन्होेंने बताया कि इंदिरा गांधी महिला शक्ति पुरस्कार के लिए एक लाख 50 हजार रुपये व प्रशस्ति पत्र, कल्पना चावला शौर्य पुरस्कार के लिए एक लाख रुपये व प्रशस्ति पत्र, बहन शन्नो देवी पंचायती राज पुरस्कार के लिए एक लाख रुपये व प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। लाइफ टाइम अचीवमेंट अवार्ड के लिए 51 हजार व प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को विभिन्न आठ श्रेणियां में 21-21 हजार रुपये व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
महिला एवं बाल विकास विभाग से जिला कार्यक्रम अधिकारी मिक्षा रंगा ने बताया कि पहली श्रेणी में एएनएम, एमपीएचडब्ल्यू तथा नर्स शामिल है। दूसरी श्रेणी में महिला खिलाड़ी, तीसरी श्रेणी में साक्षर महिला समूह सदस्य, चौथी श्रेणी में राजकीय कर्मचारी, पांचवीं श्रेणी में सामाजिक कार्यकर्ता, छठी श्रेणी में महिला उद्यमी, सातवीं श्रेणी में स्त्री शक्ति पुरस्कार तथा आठवीं श्रेणी में आंगनबाड़ी कर्मी शामिल हैं। इन श्रेणियां में 21-21 हजार रुपये व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि किसी भी विभाग की महिला अपने विभागाध्यक्ष के माध्यम से भी आवेदन कर सकती हैं।