थाना सदर जगाधरी क्षेत्र के गांव आहलूवाला में जहरीला पदार्थ निगलने से महिला की मौत हो गई। महिला के मायके वालों ने पति पर मारपीट करने का आरोप लगाया है। शिकायत पर पुलिस ने उसके पति व दो जेठों के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू की है।
गांव पिरथी का माजरा निवासी सलिंद्रो देवी ने थाना सदर जगाधरी पुलिस को शिकायत दी है कि उसने अपनी बेटी मीना की शादी 13 साल पहले गांव आहलूवाला निवासी रजनीश के साथ की थी। शादी से उनके पास एक बेटा व बेटी है। आरोप है कि शादी के बाद से ही उसके ससुराल वाले उसे परेशान करते थे। जरा जरा सी बातों पर मारपीट करते थे। कुछ साल पहले उसके पति ने उससे मारपीट कर घर से भी निकाल दिया था। जिस पर वह काफी समय तक मायके में रही थी। बाद में पंचायत हुई। जिसके बाद मीना ससुराल में चली गई थी। आरोप है कि उसकी बेटी का पति रजनीश नशा करता है। वह नशे में उसकी बेटी के साथ मारपीट करता था। जिस वजह से वह काफी परेशान रहती थी। रविवार रात करीब 12 बजे उसके दामाद रजनीश का उसके बेटे के पास फोन आया कि मीना ने जहर खा लिया है। तब उन्होंने कहा कि उससे उनकी बात कराने को कहा, लेकिन उसने बात नहीं कराई। इसके कुछ देर बाद मीना के जेठ का फोन आया, उसने बताया कि मीना को जगाधरी के निजी अस्पताल लेकर गए हैं। वहां पर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई, जिस पर वे तुरंत अस्पताल पहुंचे। यहां पर उन्होंने देखा कि उसकी बेटी की मौत हो चुकी थी। सलिंद्रो देवी का आरोप है कि उसकी बेटी को उसके पति रजनीश, जेठ परमजीत व प्रदीप ने आत्महत्या के लिए मजबूर किया है, जिसके चलते उसने जहरीला पदार्थ निगल कर आत्महत्या की। पुलिस ने इस शिकायत पर तीनों आरोपियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए मजबूर करने के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। सदर जगाधरी प्रभारी का कहना है कि तीनों आरोपियों पर केस दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।