यमुनानगर। एंटी व्हीकल थेफ्ट सेल की टीम ने दो आरोपियों को चोरी की बाइक के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी युवकों ने चोरी की बाइक पर महिला का पर्स छीना था। आरोपियों से चोरी की तीन बाइक बरामद हुई है। इसके अलावा महिला का पर्स छीनने की वारदात को अंजाम देना कबूल किया है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। वहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
सेल के इंचार्ज रमेश राणा ने बताया कि उनकी टीम को सूचना मिली कि कपाल मोचन के पास दो युवक चोरी की बाइक पर घूम रहे हैं। इस सूचना के आधार पर उप निरीक्षक अनिल राणा की टीम ने मौके पर जाकर नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू कर दी। कुछ देर बाद दो युवक बाइक पर आते दिखाई दिए। दोनों को रोककर पूछताछ की गई। उनके पास से चोरी की बाइक बरामद हुई।
आरोपियोें की पहचान बिलासपुर गणपति कॉलोनी निवासी रॉकी व बिलासपुर गडरिया मोहल्ला निवासी चमेला के नाम से हुई। दोनों आरोपियों ने हिमाचल पांवटा साहिब से बाइक चोरी की। इसके अलावा 30 जुलाई को बिलासपुर कोचिंग सेंटर, चार अगस्त को साढौरा से बाइक चोरी की। इसके अलावा उन्होंने चोरी की बाइक पर 15 अप्रैल को राजा वाली गली में पैदल जा रही एक बुजुर्ग महिला से पर्स छीना था। आरोपियों से चोरी की तीन बाइक व छीना गया पर्स बरामद कर लिया है। इसके बाद आरोपियों को अदालत में पेश किया गया। अदालत ने दोनोें को जेल भेजने का आदेश दिया।