यमुनानगर। जगाधरी वर्कशॉप रोड पर अमर मार्केट के बाहर दुकान बंद कर घर जा रही महिला के कान से एक बदमाश सोने की बाली झपटकर फरार हो गया। लोगों ने युवक का पीछा कर पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वह सड़क की दूसरी साइड में खड़ी एक्टिवा पर सवार होकर फरार हो गया। पुलिस ने अज्ञात युवक पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बूटर विहार कॉलोनी निवासी आरती ने गांधी नगर थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी अमर मार्केट में भगवती ड्रेस मैटेरियल के नाम से दुकान है। रविवार की रात करीब 10 बजे वह दुकान बंद करके अपने घर जा रही थी। जब वह अमर मार्केट के बाहर जगाधरी वर्कशॉप रोड पर पहुंची तो पीछे से एक अज्ञात युवक आया। इससे पहले वह कुछ समझ पाती आरोपी युवक ने उसके कान पर झपट्टा मारकर सोने की बाली छीन ली। इससे वह घायल हो गई। बाली छीनने के बाद युवक दूसरी तरफ खड़ी एक्टिवा पर सवार होकर वहां से फरार हो गया। उसने शोर मचाया। शोर सुनकर उसका पति ललित व अन्य लोग मौके पर पहुंचे। युवक का पीछा कर पकड़ने का प्रयास किया। इसकी शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की। गांधी नगर थाना प्रभारी सुभाष का कहना है कि अज्ञात युवक पर केस दर्ज कर लिया है। उसकी तलाश की जा रही है।