यमुनानगर। जगाधरी शहर की गंगा नगर कॉलोनी से एक 28 वर्षीय महिला के लापता होने का मामला सामने आया है। कपड़ों को लेकर पति-पत्नी के बीच हुई मामूली नोकझोंक के बाद महिला पहले मायके गई और वहां से भी बिना किसी को बताए कहीं चली गई। कई दिनों की तलाश के बाद भी जब महिला का कोई सुराग नहीं लगा तो पति ने पुलिस चौकी बूड़िया गेट में शिकायत दी, जिसके आधार पर थाना शहर जगाधरी में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। गंगा नगर कॉलोनी निवासी देवराज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता है। उसकी शादी वर्ष 2012 में रविता (28) निवासी गांव मोरना, थाना मोरना, जिला मुजफ्फरनगर (उत्तर प्रदेश) से हुई थी। देवराज के अनुसार, 3 फरवरी को उसकी मासी के लड़के की शादी तय है। इसी शादी को लेकर 22 जनवरी को घर में कपड़ों की खरीद को लेकर चर्चा चल रही थी। बातचीत के दौरान मजाक-मजाक में कहासुनी हो गई, जो बाद में बढ़ गई। पुलिस चौकी बूड़िया गेट में शिकायत मिलने के बाद थाना शहर जगाधरी में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।