जगाधरी। जगाधरी की द्वारिकापुरी कॉलोनी निवासी एक महिला को दो व्यक्तियों ने बातों में उलझा कर उससे सोने की बालियां व एक हजार रुपये ठग लिए। पुलिस ने दो अज्ञात लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
जगाधरी की द्वारिकापुरी कॉलोनी निवासी वीजा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह शुक्रवार को सुबह 11 बजे खेड़ा बाजार से दवाई लेकर घर आ रही थी। जब वह कॉलोनी के मोड पर नारियल वाले के पास रुकी तो वहां पर उसे दो व्यक्ति मिले। आरोपियों ने उसे बातों में उलझा कर अपनी बालियां पर्स में डालने को कहा। उसने आरोपियों की बातों में आकर अपनी बालियां पर्स में डाल ली। इसके बाद आरोपियों ने उससे कहा कि उसे भगवान के दर्शन होंगे और बातों में लगाकर उससे उसका पर्स ले लिया। पर्स में सोने की बालियां और करीब एक हजार रुपये थे। इसके बाद आरोपी बाइक पर सवार होकर रक्षक बिहार नाके की तरफ चले गए। आरोपियों के जाने के बाद उसने आरोपियों का पीछा करने का प्रयास किया मगर आरोपी मौके से भाग निकले। उसने मामले की सूचना परिजनों व पुलिस को दी।