तेजली स्टेडियम के पीछे इंदिरा आवास कॉलोनी के पास झाड़ियों में शनिवार को महिला का शव बरामद हुआ। सूचना पर अर्जुन नगर चौकी पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव कब्जे में लिया। शव की शिनाख्त के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की गई पर मृतका की पहचान नहीं हुई।
विज्ञापन
पुलिस ने शव को जिला नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया। जानकारी के मुताबिक इंदिरा आवास कॉलोनी में लगे ट्यूबवेल पर ऑपरेटर प्रभु शनिवार दोपहर में ट्यूबवेल पर पहुंचा। इस दौरान उसने देखा कि पास में लगी झाड़ियों के बीच महिला बेसुध पड़ी है। इस बारे में आसपास के लोगों को बताया। साथ ही इसकी सूचना डायल-112 पर दी। मौके पर डायल-112 व अर्जुन नगर चौकी पुलिस पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया, जिसे बाद में शिनाख्त न होने पर शवगृह में रखवा दिया।
अर्जुन नगर चौकी प्रभारी ने बताया कि मृतका की उम्र करीब 40 वर्ष होने का अनुमान है। देखने व आसपास के लोगों से पूछताछ से लग रहा है कि यह महिला भीख मांगती थी। शरीर पर चोट के निशान नहीं है।