करनाल। खाद्य आपूर्ति विभाग के कुंजपुरा केंद्र से 68.61 लाख रुपये के सरकारी गेहूं घोटाले में कांटा पर्चियों की जांच की जा रही है। पुलिस ने अब यह जांच शुरू की है कि गेहूं के पूरे वजन के लिए जो कांटा पर्चियां बनी थीं, वह कांटे से असली बनवाई थीं या यह भी फर्जी तरीके से खुद तैयार की गई थीं। समर्पण करने वाले आढ़ती राहुल शर्मा से पूछताछ के आधार पर पुलिस जांच आगे बढ़ा रही है।
निलंबित हो चुके निरीक्षक अशोक शर्मा और आढ़ती राहुल शर्मा ने मिलकर यह गेहूं बेचा था। इसके लिए पूरी व्यवस्था आढ़ती ने की थी। निरीक्षक ने गेटपास से लेकर, कांटा पर्ची और गाड़ियां उपलब्ध करवाने की पूरी जिम्मेदारी आढ़ती को दी हुई थी। दोनों ने 2452 क्विंटल गेहूं को बिना गोदाम में ले जाए ही मार्केट में बेच दिया। पुलिस हिरासत के दौरान आरोपी राहुल शर्मा ने कुछ और आढ़तियों के नाम सामने आए हैं, इनसे संबंधित भी पूछताछ जारी है। कुंजपुरा थाना के प्रभारी विक्रांत का कहना है कि अन्य मिले इनपुट के आधार पुलिस जांच की जा रही है।
विदित हो कि सोमवार को अदालत में सरेंडर करने वाले आरोपी आढ़ती राहुल शर्मा को दो दिन के रिमांड के बाद बुधवार को अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। जबकि निरीक्षक सितंबर माह से जेल में बंद है। रिमांड के दौरान आढ़ती ने फर्जीवाड़े की पूरी कहानी उजागर की।
गेहूं को मार्केट में बेचने के बाद रिकॉर्ड को दुरूस्त दिखाने के लिए (निलंबित) निरीक्षक अशोक शर्मा और आढ़ती राहुल ने फर्जी गेट पास कटवाए थे। इसके अलावा जो गाड़ियां अनाज मंडी में पहुंची ही नहीं, उनमें गेहूं को लोड़ दिखाया गया। कुछ गाड़ियों के नंबर सामने आए हैं, जोकि सीजन के दौरान दूसरे प्रदेश में चलती पाई गई हैं। गड़बड़ी यहीं बंद नहीं हुई, दोनों ने गेहूं के पूरे वजन के लिए कांटा पर्ची भी तैयार करवाई।