यमुनानगर। श्री हनुमान रामलीला क्लब रामपुरा कॉलोनी की ओर से सोमवार की रात रावण वध का मंचन किया गया। जैसे ही प्रभु श्रीराम ने रावण का वध किया, पूरा मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
रामलीला मंचन के दौरान श्रीराम की भूमिका मणि कौशल, लक्ष्मण की भूमिका अमित शर्मा, रावण की भूमिका महेंद्र पाल शर्मा, माता सीता की भूमिका बलविंदर और हनुमान की भूमिका हरि गौरव ने निभाई। सभी कलाकारों ने अपने अभिनय और संवादों से रामायण के इस महत्वपूर्ण प्रसंग को जीवंत कर दिया।
श्रीराम और रावण के बीच युद्ध तथा रावण वध के दृश्यों ने दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया। रामलीला का आयोजन प्रधान लक्की शर्मा, सरपरस्त रोशन लाल कौशल, निदेशक महेंद्र पाल शर्मा, कौशल राज सोढ़ी व सुरिंद्र शर्मा, उपप्रधान स्वीटी शर्मा और कैशियर अमित शर्मा के नेतृत्व में किया जा रहा है।