संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। सर्व कर्मचारी संघ (एसकेएस) के पदाधिकारियों की बैठक वीरवार को सेक्टर 18 में हुई। बैठक में मांगों के संबंध में चर्चा की गई। साथ ही 15 व 16 फरवरी को कुरुक्षेत्र में मुख्यमंत्री के कैंप कार्यालय पर 48 घंटे का धरना देने का फैसला लिया गया।
जिला प्रधान महिपाल सौदे के नेतृत्व में हुई बैठक के दौरान सात फरवरी को साढौरा विधायक रेणुबाला, आठ फरवरी को रादौर विधायक एवं कैबिनेट मंत्री श्याम सिंह राणा को 15 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा कच्चे कर्मचारियों को नौकरी सुरक्षा की गारंटी देने के बाद भी हरियाणा कौशल रोजगार निगम में छंटनी, पुरानी पेंशन बहाली, वेतन विसंगतियां दूर करने, खाली दो लाख पदों पर भर्ती सहित अन्य मांगों पर चर्चा की गई।
जिला सचिव गुलशन भारद्वाज, कोषाध्यक्ष सतीश कुमार, कार्यकारिणी सदस्य विजय कुमार, रमेश कुक्की ने बताया कि सरकार लंबे समय से मांगों की अनदेखी कर रही है। इससे कर्मचारियों में भारी रोष है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की आठवें वेतन आयोग के गठन की घोषणा के बाद प्रदेश का अलग से आयोग गठन किया जाना चाहिए।
अगला वेतन आयोग आने से पहले पिछले वेतन आयोग की विभिन्न वर्गों की वेतन विसंगतियां दूर कर पंजाब के समान वेतनमान की मांग पूरी की जानी चाहिए। अगला वेतन आयोग लागू होने तक हर कर्मचारी को 5000 रुपये अंतरिम राहत दी जाए। जिला प्रधान महिपाल सौदे ने कहा कि सभी कच्चे कर्मचारियों को नियमित करने, पुरानी पेंशन बहाल करने, 50-55 की उम्र व 25 साल की सेवा उपरांत सेवानिवृत्त का पत्र वापसी लेने इत्यादि मांगों को लेकर संघ ज्ञापन देगा।