यमुनानगर/बिलासपुर। कार में बाइक की साइड लगने पर उसका हर्जाना मांगने पर दो युवकों व युवती ने बिजनेस ट्रिप पर पांवटा साहिब जा रहे दवा व्यापारी व उसके ड्राइवर से मारपीट की। आरोप है कि इस दौरान युवकों ने फोन कर 15-16 युवकों को और बुलाया। आरोपियों ने रॉड, डंडों व तलवार से हमला कर दवा व्यापारी और उसके ड्राइवर को घायल कर दिया। आरोपियों ने उनकी कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने कार के डैशबोर्ड से साढ़े सात हजार रुपये लूट लिए। पुलिस ने मामले में अज्ञात युवकों पर मारपीट, लूट व अन्य धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जगाधरी की श्रीनगर कॉलोनी निवासी प्रवेश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह दवाइयों का बिजनेस करता है। एक सितंबर को वह अपने ड्राइवर के साथ कार में बिजनेस ट्रिप पर पांवटा साहिब जा रहा था। जब वे बिलासपुर रोड पर गांव रामखेड़ी के नजदीक पहुंचे तो बाइक पर सवार होकर एक युवती और दो युवक आए। आरोप है कि बाइक चालक ने उनकी कार में साइड मार दी। जिससे उनकी कार क्षतिग्रस्त हो गई।
कार रोककर जब उसने आरोपी बाइक चालक ने इसका हर्जाना मांगा तो वे उनसे बहस करने लगे। आरोप है कि इस दौरान उन्होंने उनके साथ गाली गलौज की और मारपीट करने लगे। इसी दौरान आरोपियों ने फोन करके 15-16 युवक और मौके पर बुला लिए। जिनके हाथों में डंडे, रॉड व तलवार थी। आते ही आरोपियों ने उसके व ड्राइवर के साथ मारपीट की। एक व्यक्ति ने उस पर चाकू से वार किया। उनकी कार पर रॉड, डंडें बरसा कर पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने उसकी कार के डैशबोर्ड में रखे जरूरी दस्तावेज व 27500 रुपये की नकदी लूट ली। इस बारे में पुलिस शिकायत करने पर आरोपियों ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी। हमलावरों के जाने के बाद राहगीरों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। जहां उन्हें उपचार दिया। इसकी शिकायत उन्होंने पुलिस को दी।
बिलासपुर थाना प्रभारी रविकांत का कहना है कि मामले में अज्ञात लोगों पर केस दर्ज कर लिया गया है। बाइक नंबर के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा।